कोतवाली क्षेत्र के बंजरिया क्षेत्र स्थित सिख फार्मर जोगेंद्र सिंह के अपहृत बेटे और छात्र गुरुविंदर सिंह के मामले में पुलिस सातवें दिन भी अंधेरे में ही तीर मार रही है। एसपी का दावा है कि अपहरण के पीछे फिरौती कारण नहीं है, फिलहाल पुलिस की तीन टीमें मामले के खुलासे को लगी हैं। इधर रविवार को क्षेत्र की सांसद रेखा वर्मा पीड़ित परिवार के घर पहुंचीं और उन्हें ढाढ़स बंधाया।
सांसद रेखा वर्मा शनिवार को बंजरिया स्थित सिख फार्मर जोगेंद्र सिंह के घर पहुुंची और घटना के बारे में जानकारी ली। उन्होंने वह स्थान भी देखा जहां से बदमाशों ने बच्चे को अपहृत किया था। श्रीमती वर्मा ने प्रधानाचार्य दलजीत सिंह, सीओ एसी श्रीवास्तव और कोतवाल आंनद शाही से फोन पर वार्ता कर मामले में अब तक हुई प्रगति की जानकारी ली।
यह भी पता चला है कि परिवार के सदस्यों ने पुलिस की कार्रवाई पर संतोष जताया और कहा कि उन्हें विश्वास है कि पुलिस उनके बेटे को सुरक्षित वापस करा लेगी।
इस मोके पर पूर्व चेयरमैन मोहम्मदी संदीप मेहरोत्रा, रंजीत वर्मा, धर्मेंद्र, ब्रजेश गुप्ता, श्यामकिशोर अवस्थी, रमाकांत द्विवेदी, दुर्वेश सिंह समेत तमाम लोग मौजूद रहे।