मौके पर मिले साक्ष्यों से रेप के बाद हत्या की आशंका
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में फंदे से मौत की बात निकली
मैलानी थाना क्षेत्र के एक गांव से रविवार से लापता 16 वर्षीय किशोरी का शव दस किलोमीटर दूर खीरी ब्रांच नहर के किनारे पेड़ से लटकता मिला। मौके पर शराब के तीन अद्धे और बीयर की एक केन मिली है। किशोरी के कपड़े भी खून से भीगे थे, जिससे रेप के बाद हत्या की आशंका जताई गई, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में फंदे से मौत की बात आई है। रेप की पुष्टि के लिए डॉक्टरों ने तीन स्लाइड बनाई हैं, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा।
यह किशोरी रविवार दोपहर करीब बारह बजे घर से अचानक गायब हो गई थी। काफी देर तक जब वह घर नहीं पहुंची तो परिवार वालों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। सोमवार की सुबह बांकेगंज की खीरी ब्रांच नहर किनारे एक लड़की के शव लटके होने की जानकारी पुलिस को मिली। बांकेगंज चौकी पुलिस मौके पर पहुंची तो देखा शव दुपट्टे से पेड़ की डाल से लटका हुआ था। पैर जमीन से लगे हुए थे। परिस्थितिजन्य साक्ष्य रेप के बाद किशोरी की गला घोंटकर हत्या की ओर इशारा कर रहे थे। इससे एक आशंका यह भी जताई गई कि आत्महत्या दर्शाने के लिए शव को पेड़ से लटकाया गया है।
पुलिस शव लेकर चौकी पहुंची तो परिवार के लोग भी चौकी पहुंच गए। पिता ने शव की शिनाख्त की। पिता ने पुत्री का किसी से प्रेम-प्रसंग होने की बात से इंकार किया है। पिता ने बताया कि गांव की ही एक युवती ने रविवार की दोपहर घर आकर पुत्री से बात की थी। इसके बाद ही बेटी लापता हो गई।
पुलिस ने शव का तीन डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया। एसओ मैलानी अजय कुमार यादव ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में फंदे से लटकने के कारण मौत की पुष्टि की गई है। उन्होंने बताया कि मृतका के पिता की ओर से दी गई तहरीर में अभी किसी को नामजद नहीं किया गया है। एसपी मनोज कुमार झा और एएसपी दीपेंद्र नाथ चौधरी भी घटनास्थल पहुंचे और मौका मुआयना किया। दोनों अधिकारियों ने परिवार वालों से भी घटना की जानकारी ली। एसपी ने बताया कि प्रथम दृष्टया घटना संदेहास्पद है। क्योंकि कोई लड़की गांव से 10 किलोमीटर दूर आत्महत्या करने नहीं जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मौके के साक्ष्यों सहित सभी बिंदुओं पर जांच होगी। तभी सही तथ्य सामने आएंगे।