सिंगाही रोड स्थित जेके शाक्य इंडेन गैस एजेंसी पर नकाबपोश बदमाशों ने धावा बोलकर चौकीदार को बंधक बनाकर उसकी पिटाई कर 570 रुपये और बैटरी लूट ली। इंडेन गैस एजेंसी के प्रोपाइटर ने थाने में लूट की तहरीर दी है। पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
गांव बंगलहा कुटी निवासी दयाशंकर चक्रवर्ती जेके शाक्य इंडेन गैस एजेंसी में चौकीदार है। मंगलवार रात करीब 1.30 बजे पांच बदमाश आए। उनमें से तीन बदमाश गैस गोदाम की दीवार फांदकर अंदर घुस आए। बदमाशों ने चौकीदार को जगाया और तमंचे के बल पर बंधक बना लिया और उसके पास सेे 570 रुपये लूट लिए। उसके बाद वहां रखी बैटरी भी लूट ले गए। उसके बाद बदमाशों ने गोदाम की चाबी मांगी। जब उसने गोदाम की चाबी होने से इंकार किया तो बदमाश उसकी पिटाई करते हुए चले गए। दयाशंकर और गैस एजेंसी के प्रोपाइटर जीतू शाक्य ने लूट की तहरीर थाने में दी। एसओ परशुराम ओझा ने बताया कि घटनास्थल पर हल्का दरोगा को भेजा है। जांच के बाद ही रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। दो दिन पहले सिंगाही के दो राहगीरों से बदमाशों ने लूटपाट का प्रयास किया था।