क्षेत्र के दो गांवों में आग लगने से 30 घर जलकर राख हो गए, इससे लोगों का लाखों का सामान जलकर नष्ट हो गया है। आग से करीब 25 लाख रुपये के नुकसान की आशंका है।
क्षेत्र के गांव रूपनपुरवा निवासी कांशीराम के घर में शुक्रवार को दोपहर करीब 12 बजे अचानक आग लग गई। आग से कांशीराम के अलावा कालीचरन, फूलचंद, परसराम और लेखराम के घरों में रखा अनाज, बिस्तर, कपड़े और नकदी सहित लाखों का सामान जलकर राख हो गया। यहां से उड़ी चिंगारी गांव के उत्तर बसे लोगों के घरों पर गिरी। इससे बालकराम, रामासरे और बृजलाल की घारी जल गई। इन लोगों के घरों में कुछ भी नहीं बचा। तेज हवा की वजह से गांव के पास में स्थित लेखराम के खेत का एक एकड़ तथा नरेंद्र का एक बीघा गन्ना भी जल गया। आग से करीब 25 लाख का नुकसान होने का अनुमान है। सूचना पाकर फायर ब्रिगेडकर्मी पहुंच गए। उन्होंने ग्रामीणों की सहायता से आग पर काबू पाया। सूचना मिलने पर कानूनगो रामचंद्र राना, लेखपाल राजेश कुमार, माघूराम राना और रवि तिवारी आदि मौके पर पहुंच गए।
उधर हरसिंहपुर गांव में भी शुक्रवार दोपहर करीब बारह बजे कल्लू के घर में आग लग गई। बताया जाता है कि उसके घर खाना बन रहा था। इसी दौरान चिंगारी से टटिया और छप्पर में आग लग गई। इससे कल्लू का घर और सारा सामान जल गया।