उत्तराखंड के पंतनगर स्थित एक कंपनी से 12 टन च्वयनप्राश सहित लाखों का माल लेकर गुवाहटी जा रहे ट्रक के रास्ते से गायब होने के मामले में फरधान पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने खाली ट्रक को हरदोई से बरामद किया है। अब माल बरामदगी के लिए जुटी है।
उत्तराखंड के जिला रूद्रपुर के मोहल्ला तराई बिहार कॉलोनी निवासी अजेयब सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया है कि उसका पुत्र एवं ट्रक चालक अमरजीत सिंह एक कंपनी का 12 टन च्वयनप्राश, तेल आदि लेकर 18 जनवरी को पंतनगर से गुवाहटी जा रहा था। रास्ते में फरधान थाने के गांव खजांचीपुरवा के पास बुलेरो सवार बदमाशों ने रात करीब 11 बजे ट्रक को रोककर चालक को बेहोश कर दिया। इसके बाद चालक को लखीमपुर में होश आया तो माल समेत ट्रक गायब था। फरधान पुलिस ने लूट और जहरखुरानी की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। सीओ सिटी एमपी सिंह ने बताया कि चालक अमरजीत बार-बार बयान बदल रहा है। इसके अलावा कई अन्य तथ्य मिले हैैं, जिससे घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है।