अयूब की दो बेटी चांदनी और जासमीन तथा अनीस की बेटी आयशा का विवाह मई में होना है। उन लोगों ने सारा सामान खरीदकर रखा था, लेकिन आग ने उनकी शादी की खुशियों को तबाह कर दिया।
रियाज हबीबी ने बटवाए लंच पैकेट
रियाज हबीबी ने दुर्गापुरवा में तबाह हुए लोगों को लंच पैकेट की व्यवस्था कराई। उन्होंने कहा कि आग से तबाह हुए लोगों की हरसंभव मदद की जाएगी। उधर, सिंगाही टाउन एरिया के पूर्व चेयरमैन और बसपा प्रत्याशी कयूम ने गांव में जाकर लोगों का हाल चाल लिया और पीड़ितों की मदद का आश्वासन दिया।
एक घर जलकर राख
निघासन। क्षेत्र के गांव बिनौरा निवासी लेखराम कश्यप के घर में गुरुवार की सुबह करीब साढे़ छह बजे अचानक आग लग गई। आग लगने से घर में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। ग्रामीणों ने किसी तरह से आग पर काबू पा लिया। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।
आग पर भारी पड़ा ग्रामीणों का भाईचारा
सब कुछ हो गया था राख लेकिन बिटिया के हाथ कराए पीले
तिलकनगर में बुधवार शाम फट गया था सिलेंडर, चार घर जले
देर से पहुंची फायर ब्रिगेड, घंटों जूझकर ग्रामीणों ने बुझाई आग
अमीरनगर। भीषण गर्मी के बीच आग कहर बरपा रही है लेकिन तिलकनगर में ग्रामीणों का भाईचारा आग पर भारी पड़ा। बिटिया की शादी वाले घर में आग ने सब कुछ राख कर दिया और बारात का स्वागत संकट में पड़ गया। ऐसे में ग्रामीण आगे आए और उन्होंने न केवल बिटिया के हाथ पीले कराए बल्कि बारातियों का स्वागत में भी कमी नहीं रखी। मामला तिलक नगर गांव का है।
तिलकपुर निवासी विद्याप्रकाश की पुत्री पारुल देवी की गुरुवार को शादी तय थी। मोहम्मदी कोतवाली के गांव कमलापुर निवासी रामपाल के पुत्र धर्मेंद्र की बारात आनी थी। शादी की तैयारी के लिए मिठाई बनाई जा रही थी। इसी दौरान कारीगरों की लापरवाही के चलते गैस सिलेंडर फट गया जिससे घर में आग लग गई। आग से विद्याप्रकाश की पुत्री की शादी का सामान, मेहमानों के जेवर और कपड़ों सहित 60 हजार रुपये की नकदी भी जल गई। गांव निवासी रामभजन ने खाने का प्रबंध किया। जिला पंचायत सदस्य श्यामबिहारी गौतम ने नकद सहायता दी, जोगा सिंह के अलावा क्षेत्र के गांव के मूड़ामाफी, कमलापुर, गफ्फार नगर, लालनगंज सहित स्थानों से पहुंचे लोगों ने सहायता के लिए हाथ आगे बढ़ाए हैं। उधर, विद्याप्रकाश के यहां लगी आग से पड़ोसी रामपाल के 20 हजार रुपयों सहित सारा सामान, बृजलाल की नकदी सहित 50 हजार रुपये, रामेश्वर की नकदी सहित 65 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। क्षेत्रीय लेखपाल ने गांव पहुंचकर सर्वे कर लिया है।
सिलेंडर में लगी आग, मची अफरातफरी
गोला गोकर्णनाथ। नगर के अर्जुननगर कॉलोनी में बारात की वापसी पर खाना बनते समय दो गैस सिलेंडरों में आग लगने से अफरा तफरी मच गई। मेहमानों ने हिम्मत से काम लेकर सिलेंडरों को बुझा लिया जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया।
अर्जुननगर कॉलोनी निवासी शत्रोहनलाल शर्मा के पुत्र राहुल शर्मा की बारात नगर के मोहल्ला पश्चिमी दीक्षिताना निवासी स्वर्गीय प्यारेलाल शर्मा की पुत्री के साथ शादी के लिए बुधवार की शाम को गई थी। गुरुवार को सुबह बारात की वापसी पर महिलाएं मेहमानों के लिए खाना बना रहीं थीं। बताया जाता है कि सिलेंडर में आग लगने से तेज धुआं और लपटों ने दूसरे सिलेंडर को भी पकड़ लिया। दो सिलेंडर एक साथ जलने से अफरा तफरी मच गई। मेहमानी में आए मिथला शर्मा, सुनैना देवी और प्रमोद कुमार शर्मा ने हिम्मत से काम लेकर सारे मेहमानों को घर से बाहर निकालकर रास्ते में पड़ी बालू के ढेर से काफी बालू दोनों सिलेंडरों पर डाली, तब काफी मशक्कत बाद आग बुझ सकी। आग बुझने के बाद मेहमानों ने राहत की सांस ली।
खाना बनाते समय चिंगारी से खलिहान में लगी आग
खीरी टाउन। थाना क्षेत्र के पिथवापुर गांव में खाना बनाते समय उड़ी चिंगारी से खलिहान में आग लग गई। गनीमत रही कि आग से ज्यादा नुकसान नहीं हुआ है। गांव वालों ने प्रयास कर आग पर काबू पा लिया। खीरी क्षेत्र के पिथवापुर गांव के बाहर पड़े छप्पर के पास खाना बन रहा था तभी चिंगारी खलिहान में गिरी और खलिहान जलने लगा। आग देखकर आसपास के लोग आ गए और आग बुझा दी।
पति-पत्नी झुलसे
अलीगंज। दोपहर को गांव निवासी राजू के घर में अचानक आग लग गई जिसमें वह और उनकी पत्नी ऊषा झुलस गए। दोनों का कस्बे के एक निजी अस्पताल में इलाज कराया गया। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।
पकरिया में पचास घर जले, लाखों का नुकसान
शारदानगर। चूल्हे से उठी चिंगारी ने पचास घरों को जला कर राख कर दिया। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने जैसे तैसे आग पर काबू पाया।
सदर कोतवाली के पकरिया गांव में दोपहर अनवर के घर में आग लग गई। हवा के कारण तेजी से फैलती आग ने कई घरों को चपेट में ले लिया। सूचना पर दमकल कर्मी पहुंचे। आग को किसी तरह काबू किया गया। आग से मुख्तियार का ट्राली में रखा अनाज, मकसूद के पचास हजार रुपए, बाबू, खलील, आजाद, इस्माइल, गुडडू समेत पचास ग्रामीणों के घर और उनकी गृहस्थी जलकर राख हो गई। पुलिस और राजस्व कर्मी भी मौके पर पहुंचे और नुकसान का आंकलन किया।