बुधवार सुबह करीब 6:30 बजे अलीगंज रोड स्थित बड़ी नहर पुल पर घने कोहरे में यात्रियों से भरी बस और ट्रक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। ट्रक और बस की भिड़ंत में बस में सवार करीब 13 यात्री जख्मी हो गए। सभी को सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीन को जिला अस्पताल रेफर कर दिया, वहीं अन्य को छुट्टी दे दी गई।
थाना मैगलगंज के गांव फत्तेपुर निवासी बस चालक 40 वर्षीय बालकराम ने बताया कि वह नेपाल स्थित बेहड़ा बाबा मेला में बस (यूपी 31टी 7198) लेकर गया था। लौटते समय सुबह 6:30 बजे के लगभग नहर पुल पर सामने से आ रहे ट्रक (यूपी 41 टी 2641) ने उसकी बस में टक्कर मार दी। टक्कर से बस में बैठीं सवारियां एक दूसरे से और सीट में टकरा गईं, जिसमें चौधरपुर के 50 वर्षीय मोरध्वज, फत्तेपुर निवासी 22 वर्षीय आशीष, 30 वर्षीय रामू, पिपरिया खगदी निवासी 40 वर्षीय बाबूराम, श्रीराम की 30 वर्षीया पत्नी शारदा देवी, अलीनगर निवासी 28 वर्षीय अनिल सिंह, 17 वर्षीय रोहित, 20 वर्षीय अतुल कुमार, 28 वर्षीय संतोष कुमार प्यारे लाल की 25 वर्षीय पत्नी रामजती, मैगलगंज निवासी 45 वर्षीय रामचंद्र, समेत 13 यात्री घायल हो गए। चालक ने बताया कि बस में 50 यात्री थे। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जेसीबी से दुर्घटनाग्रस्त ट्रक और बस को मौके से हटवाया। घायलों को एंबुलेंस और पुलिस की गाड़ी से सीएचसी में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बाबूराम, रामू और अतुल को जिला अस्पताल रेफर कर अन्य को छुट्टी दे दी गई। कार्यवाहक कोतवाल यदुवीर सिंह ने बताया कि ट्रक और बस के मालिक को बुलवाया गया है। दुर्घटना में किसी को गंभीर चोट नहीं आई है घायलों का सीएससी में इलाज कराया गया है।
बस और ट्रक में नहीं लगी थी फॉग लाइट
सड़क सुरक्षा को लेकर यातायात पुलिस और प्रशासन की कोशिशें कारगर नहीं हो रही हैं। वाहनों के आगे-पीछे रेडियम पट्टी हो या फिर कोहरे में बचाव के लिए वाहनों में फॉग लाइट लगानी चाहिए। इसके लिए लोगों को जागरूक भी किया जाता है, फिर भी लोगों की लापरवाही से आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। दुर्घटनाग्रस्त ट्रक और बस में फॉग लाइट नहीं लगी थी, जिस कारण एक भीषण हादसा हो सकता था, जो टल गया।
ट्रैक्टर ट्राली से टक्कर में बाइक सवार की मौत
नगर की निकटवर्ती ग्राम पंचायत लाल्हापुर के मजरा हफीजपुर निवासी बाइक सवार 50 वर्षीय जगन्नाथ प्रसाद यादव की ट्रैक्टर ट्राली की टक्कर से लखीमपुर जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। हफीजपुर निवासी जगन्नाथ प्रसाद यादव मितौली की एलडी सर्विस स्टेशन पर बतौर मैनेजर कार्य करते थे। 16 जनवरी की शाम वह अपनी बाइक से घर जा रहे थे। शाम लगभग साढ़े छह बजे गुलौला, जड़ौरा गांव के बीच सामने से आ रही ट्रैक्टर ट्राली ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर घायल हो गए, वहीं चालक मय वाहन मौके से फरार हो गया। ग्रामीणों ने उन्हें सड़क पर पड़ा देख उनके मोबाइल से परिवार वालों को और पुलिस को सूचना दी। परिवार वाले गंभीरावस्था में उन्हें लेकर जिला अस्पताल गए, जहां उनकी इलाज के दौरान मौत हो गई। मौत की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया। वह अपने पीछे पत्नी और इकलौते पुत्र संजय यादव को छोड़ गए हैं। पोस्टमार्टम के बाद घर आए शव का मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार कर दिया गया है।