फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सीसीटीवी में कैद हुई अपहरणकर्ता की तस्वीर

Wed, 17 Jan 2018 07:57 PM IST
न्यूज डेस्क,अमर उजाला,लखीमपुर खीरी
विज्ञापन
विज्ञापन
नगर में बीते मंगलवार को कक्षा चार के छात्र का अपहरण करने वाले युवक की तस्वीर सीसीटीवी में कैद हो गई है। पुलिस ने बुधवार को फुटेज कब्जे में लेकर युवक की शिनाख्त कराने के प्रयास तेज कर दिए हैं, हालांकि पुलिस को अभी तक कोई खास क्लू नहीं मिले हैं। नगर के अलीगंज रोड पर डॉ. भीमराव अंबेडकर पार्क के निकट रहने वाले कमलेश वर्मा का पुत्र प्रबल उर्फ लिटिल(8) मंगलवार की सुबह रिक्शे से पढ़ने सेंट जांस स्कूल जा रहा था। पंजाबी कॉलोनी जाने वाले मार्ग से मुड़ते ही स्थित शुलभ शौचालय के पास एक युवक ने लिटिल नाम लेकर आवाज दी और मोबाइल देते हुए कहा कि अपने पापा से बात कर लो। वह तुम्हें घर बुला रहे हैं। रिक्शा चालक और बच्चे को झांसा देकर बाइक चालक प्रबल को बाइक पर बिठाकर अगवा कर ले गया था। एसपी ने छात्र की तलाया में टीमें गठित की थी। हालांकि चार घंटे के बाद प्रबल खुद ही मैलानी थाना क्षेत्र के गांव छत्तीपुर के निकट किसी तरह बंधनमुक्त होकर आरोपियों की कैद से बाहर निकला था। इसी बीच वह दो छात्राओं को मिल गया था। 
विज्ञापन

उधर, पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी। पुलिस ने घटना स्थल और सड़कों के किनारे लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला। बुधवार को पुलिस को एक सीसीटीवी कैमरे में आरोपी की फुटेज मिल गई है। लिटिल बाइक पर पीछे बैठा है, जबकि लाल कलर की जाकेट पहने युवक बाइक चला रहा है। पुलिस ने फुटेज को कब्जे में लिया है। हालांकि फुटेज में चेहरा साफ नहीं आया है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है। नगर और उसके आस पास पहले हो चुकीं अपहरण की घटनाओं के आरोपियों की गतिविधियों की छानबीन कर रही है। पुलिस की अभी तक की जांच में यह बात तो साफ हो चुकी है कि आरोपी युवक उसके परिवार का करीबी है।

पहले भी हो चुकी हैं अपहरण की घटनाएं
वर्ष 2002 में विकास चौराहे के पास से थाना मैलानी के ग्राम झाऊपुर निवासी दिल्ली में वैज्ञानिक ठाकुर प्रसाद वर्मा के पुत्र सुधीर(17) का अपहरण हो गया था। अपहरणकर्ताओं ने वैज्ञानिक से फिरौती की राशि भी ले ली, लेकिन सुधीर की वापसी के नाम पर सिर्फ उसके कपड़े ही दे दिए थे। 26 जनवरी 2008 में व्यापारी सीताराम राठी, सराफ अमीरचंद और फार्मर योगेंद्र भसीन का थाना मैलानी में जंगल के पास से कार सहित अपहरण कर लिया गया था। कार शाहजहांपुर में बरामद हुई थी। पखवाड़े भर बाद बदमाशों ने 35 लाख रुपये फिरौती ली थी। तब जाकर सभी को छोड़ा था। धन के बंटवारे को लेकर एक अपहरणकर्ता मारा गया था। अन्य को एसटीएफ और पुलिस ने 22 लाख रुपये के साथ गिरफ्तार किया था। वहीं, 16 मार्च 2008 को रेलवे स्टेशन के सामने रहने वाले बांकेगंज के व्यापारी गिरीशचंद गोयल के पुत्र ऋषभ(9) का उसके घर के पड़ोसी विपिन सिंह, बुद्धप्रिय गौतम और मनीष गुप्ता ने अपहरण कर लिया था। अपहरण के बाद ऋषभ को भारत भूषण कॉलोनी स्थित एक मकान में ले गए, जहां पवन सिंह के कमरे में उसकी हत्या कर दी थी और शव को कमरे में ही गड्ढा खोद कर दफना दिया था। पुलिस की तत्परता से आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार हुए। इस घटना में विपिन सिंह और मनीष गुप्ता को आजीवन कारावास की सजा हो चुकी है। मनीष गुप्ता को इस घटना के बाद थाना हैदराबाद के ग्राम बेलवा निवासी एक महिला और उसके गर्भस्थ शिशु की रामपुर शहर में हत्या के जुर्म में भी आजीवन कैद की सजा हुई है।
विज्ञापन


पुलिस ने रिक्शा चालक को छोड़ा
प्रबल को अपने रिक्शे पर स्कूल ले जाने वाले रिक्शा चालक मंगूलाल को पुलिस ने मंगलवार रात उसके परिवार वालों को कोतवाली बुलाकर उनके सुपुर्द कर दिया। मंगूलाल बुधवार को फिर अपने रिक्शे से सेंटजांस स्कूल के बच्चों को स्कूल ले जाने और लाने में लग गया।
 
अभिभावकों में अब भी है दहशत
सेंटजांस सीनियर सेकेंडरी स्कूल सहित नगर के विभिन्न स्कूलों में पढ़ने वाले नन्हें मुन्ने के अभिभावकों में प्रबल के सकुशल घर पहुंचने के बावजूद घटना को लेकर दहशत बनी हुई है। कई अभिभावकों ने अमर उजाला को बताया कि सेंटजांस स्कूल में बीते वर्ष विद्यालय में अनुपस्थित होने वाले विद्यार्थियों की सूचना उनके मोबाइल फोन पर कंप्यूटर से मैसेज भेजकर दी जाती थी, लेकिन इस वर्ष से विद्यालय ने सूचना देनी बंद कर दी है। जिसे सेंटजांस सहित सभी स्कूलों में लागू करवाया जाए। यह भी कहा कि स्कूल के कर्मचारियों द्वारा स्कूल गेट से बच्चों को रिक्शे वालों के सुपुर्द किया जाए।
 
सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लिए गए हैं। आरोपी की पहचान कराने की कोशिश की जा रही है। पूर्व की घटनाओं में प्रकाश में आए लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
यदुवीर सिंह प्रभारी कोतवाल गोला।
 
छात्र के अपहरणकर्ता पुलिस की गिरफ्त से दूर
लखाीमपुर खीरी। थाना सिंगाही क्षेत्र के गांव भैरमपुर निवासी डॉ देवदत्त बंगाली का पुत्र आशीष(16) कक्षा 12 का छात्र है। वह बेलरायां स्थित सरजू सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में पढ़ता है। 11 दिसंबर की सुबह बदमाश स्कूल जाते समय छात्र को साइकिल समेत अगवा कर ले गए थे। तीसरे दिन पुलिस ने छात्र को दुधवा जंगल की रेलवे क्रॉसिंग के पास मुठभेड़ के बाद बरामद करने का दावा किया था। हालांकि बदमाश पुलिस के हाथ नहीं लगे थे। हालांकि एसपी डॉ. एस चन्नप्पा ने शीघ्र ही बदमाशों के पकड़े जाने का दावा किया है।

भट्ठा मालिक को धमकी देने वाला आरोपी भी है फरार
आठ नवंबर को बदमाशों ने कस्बा बेलरायां निवासी ईंट भट्ठा कारोबारी बाबू भाई को धमकी भरा पत्र देकर दो लाख की रंगदारी मांगी थी। इसके बाद लगातार फोन कर पैसे न देने पर बेटे के अपहरण की धमकी दे रहे थे। पुलिस ने पखवाड़े भर बाद दो बदमाशों को दबोच लिया था, लेकिन मुख्य आरोपी पुलिस के हाथ नहीं लगा था। पुलिस ने करीब हफ्ते भर तो गिरफ्तारी दिखाई, लेकिन फिर हाथ पर हाथ धर कर बैठ गई। नतीजतन आज तक आरोपी गिरफ्तार नहीं हो सका। 
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें