अलीगंज रोड पर बाइक सवार तीन बदमाशों ने उल्ल नदी पुल के पास सदर कोतवाली के मोहल्ला सुभाषनगर निवासी दवा विक्रेता सुशील वर्मा की बाइक रोक ली और असलहों के बल पर बाइक और 65 सौ रुपये की नगदी लूट ली। फरधान पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
मोहल्ला सुभाषनगर निवासी सुशील वर्मा की नकहा पिपरी में मेडिकल स्टोर है। रविवार की सुबह वह बाइक से दुकान पर जा रहे थे। अलीगंज रोड पर स्थित उल्ल नदी पुल के पास पल्सर बाइक पर सवार तीन युवकों ने असलहे के बल पर बाइक रोक ली। बदमाश उनकी जेब में रखे 65 सौ रुपये और बाइक लूटकर भाग निकले। उन्होंने घटना की सूचना फरधान पुलिस को दी। सूचना पर एसओ तपेश्वर सागर फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और घटना स्थल का निरीक्षण करने के बाद बदमाशों की तलाश की, लेकिन कोई अता-पता नहीं लगा। एसओ ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।