रखे थे करीब डेढ़ लाख रुपये, लूट की रही चर्चा
दुधवा तिराहे के पास एक फार्मर का करीब डेढ़ लाख रुपयों से भरा थैला संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गया। पीड़ित ने पुलिस को दी गई तहरीर में चोरी की जानकारी दी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। हालांकि इसको लेकर चर्चा लूट की रही।
जनपद पीलीभीत के कबीरगंज थाना हजारा निवासी फार्मर हरपेंद्र सिंह पुत्र जोरा सिंह ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि वह मंगलवार को यहां पंजाब नेशनल बैंक आए थे। बैंक से डेढ़ लाख रुपये निकाल कर एक थैले में रख लिए और संपूर्णानगर रोड स्थित एक गैराज में अपनी कार को सर्विस के लिए ले गए। थैले में से 39 सौ रुपये उन्होंने किसी को दे दिए। कार को सर्विस के लिए छोड़ कर वह दुधवा तिराहे की ओर चले गए और फिर वहां से वापस आए तब तक किसी ने उनका थैला चोरी कर लिया। हालांकि शहर में चर्चा बाइक सवारों द्वारा थैला लूटे जाने की रही। इस पर एसओ बृजराज यादव का कहना है कि लूट नहीं थी, पीड़ित सुबह से ही शराब पी रहे थे और फिर कार को सर्विस के लिए देने गए और वहां से फिर भट्टी चले गए, काफी देर बाद उनको थैले का ध्यान आया। थैले में से उन्होंने कई लोगों को रुपये भी दिए थे। मामला सीधे सीधे चोरी का प्रतीत हो रहा है और तहरीर के हिसाब से चोरी का मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की पड़ताल शुरू कर दी गई है।