सिकंद्राबाद। थाना नीमगांव क्षेत्र के गांव अमघट के पास सोमवार की रात एक अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चला रहे थाना खीरी के गांव जमुनिहा निवासी विमलेश कुमार (24) की मौत हो गई। इससे उसके परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव घर वालों को सौंप दिया है। बाइक चालक हेलमेट लगाए हुए था।
गांव जुमनिहा निवासी अर्चना ने बताया कि उसके पति विमलेश कुमार सोमवार को थाना नीमगांव के गांव रामनगर मुड़िया गए थे। वह शाम को बाइक से वापस आ रहे थे। गांव अमघट के पास अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी, जिससे पति की मौके पर ही मौत हो गई। उधर गश्त कर रही पुलिस की नजर सड़क किनारे पड़ी एक बाइक पर पड़ी तो पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को बाइक से कुछ दूरी पर विमलेश मृत हालत में मिला। पुलिस ने मृतक के मोबाइल से कॉल कर घर वालों को सूचना दी। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। रोते-विलखते परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए। प्रभारी निरीक्षक पान सिंह ने बताया कि मृतक की पत्नी अर्चना की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
मारुति वैन की टक्कर से युवक घायल
मोहम्मदी। गांव सरौनिया निवासी विवेक कुमार (18) सोमवार रात मोहम्मदी- गोला रोड स्थित एक मैरिज हाल पर शादी समारोह में आया था। वह मैरिज हाल के बाहर रात में सड़क के पास किसी वाहन के इंतजार में खड़ा था। इसी बीच मोहम्मदी की ओर से आ रही मारुति वैन ने उसे टक्कर मार दी, जिससे वह घायल हो गया। घायल को मोहम्मदी चेयरमेन संदीप मेहरोत्रा ने सीएचसी में भर्ती कराया। पुलिस और उसके परिजनों को सूचना दी। अस्पताल पहुंचे परिवार वालों ने घायल को शाहजहांपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने घायल युवक की मां मीरा उर्फ मीना देवी की तहरीर पर अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।