धौरहरा। पड़ोसी युवक के साथ दिल्ली अपनी तीन बेटियों के साथ मजदूरी करने गया गांव कफारा निवासी एक युवक रहस्यमय ढंग से लापता हो गया। काफी तलाश के बाद भी जब उसका पता नहीं चला तो पड़ोसी ने थाना सूरजपुर (गौतमबुद्धनगर) में गुमशुदगी दर्ज कराई और उसकी तीनों बेटियों को लेकर दो महीने पहले घर लौट आया। लड़कियों को बहला फुसलाकर जमीन की लिखापढ़ी अपने पक्ष में कराकर तीनों बेटियों को घर से निकाल दिया। पीड़ित बहनों ने चौकी पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
गांव कफारा निवासी पंचम गौतम और हरपाल के घर पास में हैं। पंचम गौतम की बड़ी बेटी सीमा ने बताया कि हरपाल ने दिल्ली में अच्छी मजदूरी मिलने का उसके पिता को झांसा दिया। नौ महीने पहले हरपाल उसके पिता, उसे, उसकी बहन सिल्पा (15) और शिवानी (13) को लेकर अगस्त 18 में दिल्ली पहुंचा। वहीं एक कमरा किराए पर लिया। पिता के साथ ही एक फैक्टरी में मजदूरी कराने ले जाने लगा। जनवरी के अंतिम सप्ताह में हरपाल के साथ फैक्टरी गए पिता शाम को वापस नहीं लौटे। हरपाल ने पूछने पर बताया कि पंचम कहीं गायब हो गए हैं। उनका कोई कोई पता नहीं चल रहा है। हरपाल ने तीन फरवरी को गौतमबुद्ध के थाना सूरजपुर में पिता की गुमशुदगी दर्ज कराई। उसके 15 दिन बाद तीनों बहनों को लेकर घर वापस लौट आया। गांव आने पर हरपाल ने पिता के घर की कुछ लिखापढ़ी कराई। चार दिन पहले तीनों बहनों को घर से निकाल दिया। सीमा ने हरपाल पर पिता को गायब कर घर हडपने का आरोप लगाया है। उसने पुलिस को तहरीर दी है। कफारा चौकी प्रभारी लालबहादुर मिश्रा ने बताया कि तहरीर मिली है। आरोपी को हिरासत में लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है।