एक पक्ष का आरोप, भूमाफियाओं को संरक्षण दे रही पुलिस
मेरठ। लिसाड़ीगेट में जमीन के विवाद में शनिवार को बवाल हो गया। दो पक्ष आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों में जमकर गोलियां चलीं और पथराव हो गया जिससे क्षेत्र में भगदड़ मच गई। दोनों पक्षों ने जमीन पर खुद का मालिकाना हक बताते हुए एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी।
मामला समरगार्डन स्थित 10 बीघा जमीन से जुड़ा है, जिस पर मालिकाना हक को लेकर पिछले काफी समय से दो पक्षों में विवाद चला आ रहा है। बताया जाता है कि शनिवार को एक पक्ष इस जमीन पर काम कर रहा था। तभी दूसरे पक्ष के लोग यहां आ गए। दोनों पक्षों में विवाद हुआ और मारपीट हो गई। देेखते ही देखते गोलियां चलने लगीं, जिससे वहां हड़कंप मच गया। जान बचाकर लोग इधर उधर भागने लगे। तभी दोनों पक्षों के बीच पथराव हो गया। करीब आधा घंटे तक दोनों पक्षों में जमकर संघर्ष हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस को आता देख एक पक्ष के लोग वहां से फरार हो गए। पुलिस दूसरे पक्ष को थाने ले आई। जहां नदीम पुत्र जब्बार ने सरताज के खिलाफ तहरीर दी। उसका कहना है कि उसने यह जमीन शनीफ से खरीदी थी। जमीन खरीदने के बाद से ही सरताज, जुनैद, नईम जमीन पर कब्जे का प्रयास कर रहे हैं। शनिवार को यह लोग एकजुट होकर जमीन पर पहुंचे और उन पर हमला किया। इसी बीच दूसरा पक्ष भी थाने आ गया और तहरीर दी। तहरीर देते हुए सरताज आलम पुत्र शफीक अहमद ने बताया कि 2007 में इस जमीन का बैनामा उनके पास है, फिर भी साजिद पुत्र रहमतुल्लाह, एहसान इस पर कब्जे का प्रयास कर रहे हैं। सरताज के भाई परवेज आलम ने बताया कि 10 जनवरी, 2007 में उसने यह जमीन शरीफन पुत्री जुल्लन से खरीदी थी। पहले इकरारनामा और फिर बैनामा उसके नाम हो गया। शरीफन के भाई अलाउद्दीन के पुत्र वसी शुरू से ही बैनामा का विरोध करता आ रहा है और जमीन पर कब्जे का प्रयास कर रहा है। उसने 2008 में एक वाद सिविल कोर्ट में दायर किया जो 2014 में खारिज हो गया। इसके बाद भी लगातार कब्जे की कोशिश हो रही है।
पुलिस का मिल रहा संरक्षण
कोतवाली जाटान स्ट्रीट निवासी परवेज आलम ने आरोप लगाया कि इस पूरे मामले में जब्बार और उसके बेटे नदीम की महत्वपूर्ण भूमिका है। नदीम का लिसाड़ीगेट थाने में काफी दखल है, जिस कारण पुलिस उसको संरक्षण दे रही है। वह कई बार शिकायत लेकर थाने पहुंचा, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। आरोप है कि नदीम ज्यादा समय लिसाड़ीगेट थाने में बिताता है। वह खुलेआम धमकी देता है कि अगर कोई उसके काम में दखल देगा तो वह बर्दाश्त नहीं करेगा। सुबह भी ऐसा ही हुआ। सरफराज जब जमीन पर बने ऑफिस पर पहुंचा तो नदीम के इशारे पर ही दबंगों ने उसके साथ मारपीट की।
जांच की जा रही है
घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसके परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जल्द दोषियों की गिरफ्तारी होगी।
- नजीर अली खां, इंस्पेक्टर, थाना लिसाड़ीगेट