सिकंद्राबाद (अमर उजाला ब्यूरो)। थाना नीमगांव क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक ने गांव की ही एक दूसरे समुदाय की 20 वर्षीय युवती को पहले प्रेम जाल में फंसा लिया और उससे बातें करता रहा। बाद में शादी करने का वादा कर उसके साथ शारीरिक संबंध बना लिए। युवती ने जब शादी का दबाव बनाया तो आरोपी मुकर गया। युवती की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस ने पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला महिला अस्पताल भेजा है।
थाना क्षेत्र की एक युवती ने बताया कि करीब डेढ़ साल पहले गांव निवासी दूसरे समुदाय के युवक ने उसे अपने प्रेम जाल में फंसा लिया और उससे बातचीत करने लगा। करीब ढाई महीने बाद आरोपी ने शादी करने का वादा कर उसके साथ शारीरिक संबंध बना लिए। आरोपी करीब एक साल से उसका शारीरिक शोषण करता रहा। एक महीने पहले जब उसने आरोपी पर शादी करने का दबाव बनाया तो वह आजकल करते हुए टरकाने लगा। इस पर उसने घर वालों को पूरी बात बताई। घर वालों ने जब आरोपी पर दबाव बनाया तो आरोपी और उसके घर वाले शादी करने से मुकर गए और उसके माता-पिता के साथ गालीगलौज की। इस पर पीड़िता घर वालों के साथ थाना पहुंची और पुलिस को तहरीर दी। मामला दो समुदायों के बीच का होने के कारण पुलिस ने गंभीरता दिखाई और युवती की तहरीर पर आरोपी सोनू के खिलाफ धोखाधड़ी और रेप की रिपोर्ट दर्ज कर ली। एसओ संजय कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है।
------------------