लखीमपुर खीरी। सदर कोतवाली पुलिस की ढिलाई से शहर में लूट, चोरी की वारदातों का ग्राफ बढ़ने लगा है। बृहस्पतिवार की रात मोहल्ला पटेलनगर में एक मकान का चोरों ने ताला तोड़ दिया और नकदी-जेवर समेत लाखों रुपये का सामान बटोर ले गए। किराएदार के कमरे में भी रखी नकदी-जेवर उठा ले गए।
मोहल्ला पटेलनगर निवासी सुनील यादव ने बताया कि वह लखनऊ में एक प्राइवेट कंपनी में काम करते हैं और वहीं परिवार समेत रहते हैं। बाहर का कमरा किराए पर दे रखा है। किराएदार शिशु मिश्रा के भाई की हफ्तेभर पहले सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। तभी से किराएदार भी परिवार के साथ पैतृक गांव बेहजम में थे। मकान पर ताला लगा था। बृहस्पतिवार की रात चोरों ने मेन गेट का ताला तोड़ दिया। कमरों का ताला तोड़कर पूरे घर को खंगाल डाला। सुबह मेनगेट खुला मिलने पर पड़ोस में रह रहे बड़े भाई नरेंद्र यादव ने घटना की सूचना दी। चोर सुनील यादव के कमरे से अलमारी आदि का लॉक तोड़कर आठ हजार रुपये समेत करीब तीन लाख के जेवर और किराएदार के घर से 11 हजार रुपये और करीब दो लाख के जेवर चोरी कर ले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया है।
00000000
22 दिन में लूटपाट समेत चोरी की तीसरी वारदात
सदर में 22 दिन में लूटपाट और दो चोरी की वारदातें हों चुकी हैं। छह जुलाई की रात कन्नौजिया कॉलोनी निवासी अमीन बरातीलाल मिश्रा के घर से करीब 10 लाख का सामान चोरी हुआ था। 24 जुलाई की रात मोहल्ला राजाजीपुरम निवासी सुधीर कुमार कश्यप और उसके परिवार की पिटाई कर बदमाश तीन लाख का सामान ले गए। पुलिस इन दोनों वारदातों का अभी खुलासा भी नहीं कर पाई थी कि 27 जुलाई की रात चोरों ने पटेलनगर में लाखों की चोरी कर सदर कोतवाली पुलिस की सतर्कता की पोल खोल दी है। शहर में अपराधी कानून का ट्रैक तोड़ रहे हैं, फिर भी पुलिस ने शहर में सतर्कता नहीं बढ़ाई है। एक के बाद एक हो रही वारदात से शहरवासी सहम गए हैं। उनमें अपराधियों का खौफ साफ झलक रहा है।
बयान.......
चोरी की तहरीर मिली है। रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है। घटनाओं को देखते हुए शहर में गश्त बढ़ाई गई है। शीघ्र ही तीनों वारदातों का खुलासा किया जाएगा। हरीराम वर्मा, सीओ सिटी
--------------------------