लखीमपुर खीरी।
कोचिंग से पैदल घर लौट रही एक 17 वर्षीय छात्रा को एक युवक ने रोक लिया। पहले उसके साथ छेड़छाड़ की। बाद में उसे जबरन खींचकर बाइक पर बैठाने लगा। छात्रा के शोर मचाने पर आसपास के लोग एकत्र हो गए। इसी बीच महिला पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने आरोपी को पकड़कर सदर कोतवाली पुलिस को सौंप दिया है।
ओयल निवासी एक छात्रा ने बताया कि वह शहर में कोचिंग पढ़ने आती है। शुक्रवार की शाम करीब साढ़े पांच बजे वह कोचिंग पढ़कर घर लौट रही थी। रास्ते में मोहल्ला थरवरनगंज निवासी एक युवक ने उसे रोक लिया। आरोप है कि युवक ने पहले उससे छेड़छाड़ की। विरोध करने पर उसे खींच लिया और जबरन बाइक पर बैठाने का प्रयास करने लगा। इस पर घबराई छात्रा ने शोर मचाया तो लोगों की भीड़ जुट गई। इसी बीच सूचना पाकर एसओ महिला हंसमती फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गईं। उन्होंने आरोपी को पकड़ लिया और उसे महिला थाना ले गईं। बाद में उसे सदर कोतवाली पुलिस को सौंप दिया। सदर कोतवाल दीपक शुक्ला ने बताया कि मामले की तहरीर अभी नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।