रुपये निकालकर टिकौला जा रही थी महिला बैंक मित्र
मुगलीपुर के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने की वारदात
इलाहाबाद बैंक शाखा बेहजम से रुपये निकालकर स्कूटी से जा रही महिला बैंक मित्र को बाइक सवार बदमाशों ने मुगलीपुर के पास असलहों के बल पर रोक लिया और स्कूटी की डिग्गी में रखे 50 हजार रुपये और लैपटॉप लूट ले गए। दिनदहाड़े हुई वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों की सुरागरसी की, लेकिन कोई पता नहीं चल सका। पीड़ित महिला ने घटना की तहरीर पुलिस को अभी नहीं दी है।
थाना नीमगांव क्षेत्र के गांव किशुनपुर निवासी तारा देवी इलाहाबाद बैंक शाखा टिकौला की बैंक मित्र हैं। उसका खाता बेहजम स्थित इलाहाबाद बैंक शाखा में है। सोमवार को वह पैसा निकालने बेहजम आई थी। दोपहर बाद बैंक से 50 हजार रुपये निकालकर अपनी स्कूटी से टिकौला जा रही थी। दोपहर करीब दो बजे सिकंद्राबाद-कस्ता मार्ग पर मुगलीपुर के पास पीछे से आई बाइक पर सवार दो लोगों ने ओवरटेक कर उसकी स्कूटी रोक ली और असलहों के बल पर स्कूटी की डिग्गी में रखे 50 हजार रुपये की नगदी और एक लैपटॉप लूट लिया। लूटपाट करने के बाद बदमाश सिकंद्राबाद की ओर भाग निकले। सूचना पर एसओ के साथ एसआई दिनेश कुमार यादव मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बदमाशों की सुरागरसी की, लेकिन कोई पता नहीं चल सका।
घटना की जानकारी हुई है। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध लग रहा है। जांच की जा रही है। तहरीर अभी नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
दिलेश कुमार सिंह, एसओ नीमगांव
जेबकतरे ने उड़ाए 5500 सौ रुपये
सिकंद्राबाद। साप्तहिक बाजार में सब्जी खरीदने आए बाइक एजेंसी के मालिक कसबा निवासी अभिषेक मिश्रा की जेब से उचक्के ने 55 सौ रुपये की नगदी पार कर दी। इससे बाजार में हड़कंप मच गया। चौकी इंचार्ज सूर्यमणि यादव ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं है।