विहिप पदाधिकारियों ने शांति रखने की अपील की
जिला मंत्री ने कहा निर्दोष हिंदुओं को फंसाना नहीं बर्दाश्त
विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारियों की बैठक शनिवार को हांथीपुर मोहल्ले में हुई, जिसकी अध्यक्षता जिलाध्यक्ष नंद किशोर अग्रवाल ने की। पदाधिकारियों ने शहर के लोगों से शांति रखने और जिला प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने जिला प्रशासन को ज्ञापन देकर सचिन और रवि को गोली मारने वाले आरोपियों को 48 घंटे में गिरफ्तार करने के लिए कहा है।
जिलाध्यक्ष ने बैठक में कहा कि गोली मारने के आरोपियों को गिरफ्तार करके उनके खिलाफ रासुका लगाई जाएगी। विभाग मंत्री आचार्य संजय मिश्रा ने कहा कि वायरल हुए वीडियो से हिंदू समाज को आघात लगा है, जिससे आक्रोशित सैकड़ों लोग विरोध में सड़कों पर उतर पड़े, इस मामले में यदि किसी हिंदू युवक को फर्जी मुकदमे में फंसाकर जेल भेजा गया, तो इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हम सभी अमन पसंद है, लेकिन एक तरफा कार्यवाही बर्दाश्त नहीं होगी। पदाधिकारियों ने कमिश्नर भुवनेश कुमार, आईजी सतीश गणेश और डीआईजी प्रवीण कुमार से मिलकर घायलों को दस लाख का मुआवजा और परिवार को सुरक्षा दिए जाने की मांग की। इस दौरान बृजेश पांडे, अनुराग मिश्रा, दिलीप गुप्ता, अवधेश पुरी सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।