धनगढ़ी-नेपाल। काठमांडू के त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर तीन पाकिस्तानी नागरिकों को भारतीय जाली करेंसी के साथ पकड़ा गया। इनके पास से पौने आठ करोड़ रुपये की जाली करेंसी बरामद हुई। इनके साथ जाली नोटों की खेप लेने आए तीन नेपाली नागरिकों को भी पकड़ा गया। सभी से पुलिस पूछताछ कर रही है। बताया जा रहा है कि नेपाल और भारत में यह जाली करेंसी खपाने की तैयारी है।
काठमांडू त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय विमानस्थल भंसार कस्टम कार्यालय के प्रमुख राजेंद्र ठाकुर ने बताया कि कतार एयरवेज से काठमांडू आए विमान से तीन पाकिस्तानी नागरिक आए थे। चेकिंग के दौरान उनके पास से अटैची तथा बैग में सात करोड़ 67 लाख 94 हजार रुपये मिले। इसमें पांच सौ व दो सौ रुपये की भारतीय जाली करेंसी थी। पूछताछ करने पर जाली करेंसी लाने वाले तीनों पाकिस्तानी नागरिकों ने अपना नाम नासिर उधनि, नादिया अनवर, मोहम्मद अख्तर बताया है। साथ ही जाली नोटों की खेप लेने पहुंचे तीन नेपाली नागरिकों को भी पकड़ा गया है। जिन्होंने अपना नाम युनुस अंसारी, शोयर खान और सुजान राना बताया है। पकड़े गए छह लोगों से पुलिस पूछताछ कर रही है। बता दें कि नेपाल में दो सौ, पांच सौ व दो हजार के भारतीय नोट प्रतिबंधित हैं। सूत्रों की माने तो इन नोटों को भारत में खपाने की तैयारी थी।