ईसानगर। थाना क्षेत्र के गांव मूड़ी के मजरा संकल्पापुरवा में चोरों ने घर की दीवार फांद कर नकदी समेत करीब सात लाख का सामान पार कर दिया। पीडित गृहस्वामी ने थाने पर तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।
मंगलवार की रात करीब एक से तीन बजे बीच संकल्पापुरवा निवासी छन्नू लाल पुत्र जुगुल किशोर के मकान के दक्षिण की दीवार फांदकर मेन गेट का ताला चोरों ने काट कर गेट को खोल दिया। फिर घर के अंदर घुसे चोरों ने दो कमरों के दरवाजों के ताले तोड़कर कमरों के अंदर रखे कपड़ों के छह बक्से और बक्सों में रखे 100 ग्राम सोने के जेवर, छह किलो चांदी के जेवर, कीमती बरतन और 10 हजार रुपये की नकदी चोर उठा ले गये। खाली बक्से गांव के बाहर खेत में मिले।
इस दौरान छन्नू और उनके पिता जुगुलकिशोर जानवरों के हाते में सोये थे और घर की महिलाएं रिश्तेदारी में शादी समारोह में गये थे। मकान मालिक ने प्रभारी निरीक्षक को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
प्रभारी निरीक्षक बृजेश त्रिपाठी ने बताया कि मौके की जांच की जा रही है जांच के बाद मुकदमा दर्ज होगा जल्द चोरी का खुलासा किया जाएगा।