इलाज के दौरान बच्चे की हालत बिगड़ी, मौत
पिता ने डॉक्टर के खिलाफ दी तहरीर
अमर उजाला ब्यूरो
सिकन्द्राबाद। उल्टी-दस्त से पीड़ित बच्चे की इलाज के दौरान मौत होने से नाराज परिवार के लोगों ने हंगामा किया। घर वाले बच्चे का शव लेकर थाना नीमगांव पहुंचे और आरोपी डॉक्टर पर गलत इंजेक्शन लगाने से बच्चे की मौत होने का आरोप लगाते हुए पुुलिस को तहरीर दी है।
थाना हैदराबाद के गांव चांदामऊ निवासी दिनेश कुमार ने बताया कि शनिवार को उनके दो साल के पुत्र अर्पित को उल्टी-दस्त आने लगे। इस पर उसे वह लेकर सिकन्द्राबाद स्थित प्राइवेट चिकित्सक डॉ. राजेंद्र के पास ले गए। आरोप है कि डॉक्टर ने पुत्र को इंजेक्शन लगाया। इंजेक्शन लगने के कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। इसपर परिवार वालों ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। बाद में शव लेकर पहले सिकन्द्राबाद पुलिस चौकी फिर थाना नीमगांव पहुंचे। परिवार वालों ने डॉक्टर पर गलत इंजेक्शन लगाने से मौत होने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। प्रभारी निरीक्षक पान सिंह ने बताया कि पिता की तहरीर पर आरोपी डॉक्टर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है। उधर आरोपी डॉ. राजेंद्र का कहना है कि घर वाले बच्चे को लेकर उनके पास आए थे। बच्चे को झटके आ रहे थे। इस पर उन्होंने उसे जिला अस्पताल ले जाने को कहा था। बच्चे के उन्होंने कोई इंजेक्शन आदि नहीं लगाए हैं।