दिनदहाड़े आधे घंटे पुलिस और बदमाशों के बीच चली गोलियां
मुठभेड़ में इनामी बदमाश के पैर में लगी गोली, सिपाही भी घायल
सरकारी जीप का शीशा भेद निकली गोली
बाल-बाल बचे शहर कोतवाल और चालक
अमर उजाला ब्यूरो
लखीमपुर खीरी। सदर पुलिस और स्वॉट की संयुक्त टीम की रविवार दोपहर रंगीलानगर के पास बीहड़ इलाके में दो बाइक पर सवार चार बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। आधे घंटे तक हुई फायरिंग के बाद पुलिस की गोली से इनामी बदमाश गुड्डू सिंह घायल हो गया। उसके तीन अन्य साथी बाइक सहित फरार हो गए। बदमाशों की चलाई गई गोली से एक सिपाही भी घायल हुआ है। सूचना पर मौके पर पहुंचे एसपी रामलाल वर्मा ने इलाके की घेराबंदी कर फरार बदमाशों की तलाश कराई, लेकिन बदमाश हाथ नहीं लगे। घायल बदमाश और सिपाही को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल बदमाश थाना खीरी के गांव चौउवापुर का रहने वाला है। उस पर एसपी ने 15 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।
एसपी रामलाल वर्मा ने बताया कि मुखबिर ने सूचना दी थी कि थाना खीरी के गांव चौउवापुर निवासी गुड्डू सिंह, रंजीत सिंह और सरवन लोनिया अपने साथी के साथ बड़ी घटना की फिराक में बहराइच रोड़ से बाएं रंगीला नगर खड़ंजा पर बाइक से जा रहा है। सूचना पर शहर कोतवाल अशोक कुमार पांडेय और क्राइम ब्रांच की स्वॉट टीम प्रभारी शिव कुमार पहुंच गए। दोपहर करीब पौने दो बजे बदमाशों ने खुद को घिरता देख पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। इस पर पुलिस ने भी गोलियां दागी। बदमाशों को दौड़ाकर पकड़ने की कोशिश की। शहर कोतवाल ने एक बाइक पर सवार होकर भाग रहे बदमाशों का पीछा किया तो बाइक पर पीछे बैठे एक बदमाश ने उनकी सरकारी जीप पर गोली चला दी। गोली चालक के सामने लगे शीशे को पार कर गई। गनीमत रही कि चालक राजेश सिंह और कोतवाल बाल-बाल बच गए। इसी बीच पुलिस की एक गोली बाइक पर सवार इनामी बदमाश थाना खीरी के गांव चौउवापुर निवासी गुड्डू सिंह के पैर में लगी। इससे वह बाइक समेत गिर गया। एक बदमाश को जब स्वॉट टीम के सिपाही देवेंद्र सिंह यादव ने पकड़ने की कोशिश की तो उसने गोली चला दी, जिससे गोली सिपाही के हाथ को छूते हुए निकल गई। मुठभेड़ के दौरान मौका पाकर तीन बदमाश बाइक समेत भाग निकले। पुलिस ने घायल बदमाश और सिपाही को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। मुठभेड़ की सूचना पर एसपी रामलाल वर्मा, सीओ सिटी, सीओ मितौली आदि मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने मौके से तमंचा, बाइक, तीन जिंदा कारतूस और एक मोबाइल बरामद किया है।
गोलियों की तड़तड़ाहट से सहमे लोग
रंगीलानगर के निकट जंगल के किनारे खेतों में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ के दौरान चली गोलियों से लोग सहम गए। महिलाएं और ग्रामीण माजरा समझने के लिए अपनी छतों पर आ गए। इसी बीच हूटर बजाती पुलिस की गाड़ियां भी दौड़ पड़ीं। ग्रामीणों को जब मुठभेड़ में बदमाश के घायल होने की जानकारी हुई तो बड़ी संख्या में ग्रामीण भी घटनास्थल पर पहुंच गए।
शातिर अपराधी है घायल बदमाश
पुलिस मुठभेड़ में घायल हुआ बदमाश गुड्डू सिंह शातिर अपराधी है। पुलिस के मुताबिक उस पर हत्या, लूट, चोरी आदि के 15 से अधिक मामले दर्ज हैं। वह शहर कोतवाली में एक महीने पहले दर्ज हुए रोडहोल्डप के मामले में फरार चल रहा था। पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
पुलिस टीम में यह लोग रहे शामिल
बदमाशों से मुठभेड़ करने वाली पुलिस टीम में शहर कोतवाल अशोक कुमार पाण्डेय, एसआई अजब सिंह, एसआई संतोष कुमार राय, एसआई मनोज कुमार, सिपाही विजय कुमार शर्मा, हरिप्रकाश, विनोद कुमार, सुनील कुमार, विनय कुमार वर्मा, स्वॉट टीम प्रभारी शिव कुमार, सिपाही सराफत अली, देवेंद्र सिंह, अजीत सिंह, पुष्पेंद्र, सुनीत कुमार, कुलदीप कुमार,परीक्षित चौरसिया, अजीत यादव थे।
वर्जन................
मुठभेड़ में ईनामी बदमाश गुड्डू सिंह घायल हुआ है। सिपाही भी बदमाशों की गोली लगी है, तीन बदमाश भागे हैं। फरार बदमाशों की तलाश की जा रही है। पुलिस टीम ने साहसिक कार्य किया है। इसके लिए उन्हें बधाई देता हूं। मुठभेड़ में शामिल बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है।
- रामलाल वर्मा, एसपी