लखीमपुर खीरी/महेवागंज। फूलबेहड़ थाना क्षेत्र के गांव देवरिया और राजापुर में गोवंशीय पशुओं के अवशेष मिलने पर ग्रामीणों में रोष फैल गया। गुस्साए ग्रामीणों ने भीरा मार्ग को जाम कर दिया और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर काफी देर तक हंगामा किया। इससे गांव में तनाव की स्थिति बन गई। कई थानों से पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। एसडीएम सदर नागेंद्र सिंह, सीओ सविरत्न गौतम और निष्ठा उपाध्याय भी मौके पर पहुंचे। बजरंग दल और विहिप ने गोहत्या के दोषियों को तुरंत गिरफ्तार करने और रासुका लगाने की मांग की। साथ ही गो तस्करी में शामिल पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई है। प्रशासन ने कार्रवाई का आश्वासन देकर रोड जाम खत्म कराया।
सुंदरवल चौकी क्षेत्र के देवरिया गांव में इशहाक और नत्थू के खेत में गोवंशीय पशु के अवशेष और ताजा खून पड़ा मिला, जिसे देखकर ग्रामीणों में गुस्सा भड़क गया। गांव में आग की तरह खबर फैल गई। लोगों ने इसकी सूचना सुंदरवल पुलिस को दी। चौकी प्रभारी अवधेश यादव मौके पर पहुंचे। आरोप है कि दरोगा ने कार्रवाई की बजाय मामले को टालने का प्रयास किया। इससे ग्रामीण नाराज हो गए और भीरा हाइवे पर पेड़ डालकर जाम लगा दिया। सूचना पाकर विहिप और बजरंग दल के पदाधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। इससे आंदोलन और तेज हो गया, लोगों ने देवरिया और राजापुर की घटनाओं पर गुस्सा जाहिर किया। दीपक पांडेय ने कहा कि आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी और रासुका के तहत कार्रवाई की जाए। बजरंग दल के जिलामंत्री बृजेश पांडेय ने एसओ फूलबेहड़ और चौकी इंचार्ज पर गो तस्करी में शामिल होने का आरोप लगाते हुए इनके खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई। मौके पर पहुंचे एसडीएम और सीओ ने 24 घंटे के अंदर अभियुक्तों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम खोला गया। इस दौरान करीब चार घंटे तक हाइवे पर यातायात बाधित रहा। इंस्पेक्टर केएन पांडेय ने बताया कि चौकीदार की ओर से अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही खुलासा कर दिया जाएगा। वहीं पशु चिकित्सा अधिकारी मनोज त्रिपाठी ने मौके से बरामद अवशेषों को जांच के लिए कब्जे में लिया है। उधर, राजापुर गांव में नहर किनारे मिले बछड़े के शव को पुलिस ने कई दिन पुराना बताकर दफन करा दिया है। इस मौके पर भाजपा उपाध्यक्ष उमाशंकर मिश्रा, विहिप संभाग मंत्री आचार्य संजय मिश्रा, कुलभूषण, शैलेश तिवारी, श्याम नरायन गिरि, अनिल मिश्रा, इंद्रपाल वर्मा, विनय तिवारी मौजूद रहे।
पहले भी हो चुकी ऐसी घटनाएं
वर्ष 2009 में थाना क्षेत्र के गांव सरवा में गोवंशीय पशु के अवशेष पाए गए थे, जिसमें ईदी, शकील, कासिम सहित चार लोग जेल गए थे। 2012 में फूलबेहड़ निवासी उदयवीर सिंह के खेत में गोहत्या के बाद अवशेष मिलने पर पांच अभियुक्तों को जेल भेजा गया था।
गोहत्या से आक्रोश, कार्रवाई की मांग
लखीमपुर खीरी। विहिप और बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने फूलबेहड़ ब्लॉक के गांव देवरिया व राजापुर में हुई गोहत्या की घटना पर आक्रोश व्यक्त किया घटना स्थल पर जाकर कई गांवों का भ्रमण किया। जिलामंत्री बृजेेश पांडे, विभाग मंत्री आचार्य संजय मिश्रा एवं भाजपा के जिलाउपाध्यक्ष उमाशंकर मिश्रा ने ग्रामीणों को गौहत्या करने वालों के खिलाफ गोहत्या करने वालों के खिलाफ रासुका लगाने और थानाध्यक्ष व चौकी प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई कराए जाने का आश्वासन देकर बमुश्किल जाम खुलवाया। इस दौरान इंद्रपाल वर्मा, विनय तिवारी, दीपक पांडे, शैलेष तिवारी आदि लोग मौजूद रहे।