फरधान। गांव कोरैयाजगल में गन्ने के खेत से एक महिला का शव मिला था। पोस्टमार्टम में गला दबाकर हत्या होने की बात सामने आने पर मृतका के पिता की तहरीर पति, ससुर और देवर के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है।
नौ अक्टूबर की दोपहर को कोरैयाजगल गांव से चुनमुनपुर जाने वाले रास्ते से 20 मीटर अंदर मुरारी लाल के गन्ने के खेत में सरला देवी (35) का शव संदिग्ध अवस्था में पड़ा मिला था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव का पोस्टमार्टम कराया था। पोस्टमार्टम रिपार्ट में गला दबाकर हत्या होने का खुलासा हुआ है। इसके बाद सरला देवी के पिता प्रमोद ने सरला देवी के पति संजय कुमार, ससुर रूपचंद और देवर पर विजय कुमार पर प्रताड़ित करने के बाद हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है।
पिता का आरोप है यह लोग उसकी बेटी को आए दिन परेशान करते थे और दहेज की भी मांग करते थे। दहेज देने से इनकार करने पर इन लोगों ने उसकी बेटी की हत्या कर जुर्म छिपाने के लिए शव को गन्ने के खेत में फेंक दिया था। प्रभारी निरीक्षक राकेश सिंह यादव ने बताया पिता की तहरीर पर तीनों लोगों पर हत्या का मुकदमा पंजीकृत किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दम घुटने से मौत होना आया है।