महेवागंज/सुंदरवल। फूलबेहड़ थाना क्षेत्र के बसहा गांव में तालाब में लापता युवक का शव मिला है। परिजन ने हत्या की आशंका जताते हुए तहरीर दी है। मामले में पुलिस ने तीन लोगों को पूछताछ ले लिए हिरासत में लिया है।
थाना फूलबेहड़ क्षेत्र के बसहा भूड़ गांव निवासी राजेंद्र प्रसाद दीक्षित ने बताया कि शनिवार शाम सात बजे वह घर के बाहर बैठे थे। तभी गांव के ही चार लोगों ने आकर बताया कि तुम्हारे लड़के जयशंकर ने मोबाइल चोरी किया है। जिससे उन्होंने उसे मारा पीटा है। फिर से अगर ऐसी हरकत की तो जान से मार देंगे। उसके बाद रात भर उनका बेटा वापस नहीं आया। रविवार दोपहर बाद उसका शव घर के पास तालाब से बरामद हुआ। परिजन का आरोप है कि हत्या कर शव तालाब में डाला गया है। पुलिस ने शक के आधार पर तीन लोगों को हिरासत में लिया है। मामले में प्रभारी निरीक्षक फूलबेहड़ का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतक की डूबने से मौत हुई है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्यवाई की जा रही है। संवाद