सिकन्द्राबाद (लखीमपुर खीरी)। थाना नीमगांव क्षेत्र के गांव पैला में दो समुदायों में मारपीट के मामले में पुलिस ने मामला दर्ज कर युवक का चालान भेजा है। इसमें एक पक्ष के युवक का आरोप है कि उसे खंभे से बांधकर पीटा गया। उधर, युवक को पीटने वाले पक्ष का कहना है कि उसे सिपाही ने थप्पड़ मारा। पुलिस ने इस बात से इनकार किया है।
थाना नीमगांव क्षेत्र के पैला निवासी अंकित ने बताया कि वह सोमवार शाम को नीमगांव से अपने घर जा रहा था कि गांव पहुंचते ही असलम ने उसे रोककर गाली गलौज की, विरोध करने पर साथियों के साथ मिलकर मारपीट भी की। वहीं असलम ने पुलिस को बताया कि उसको अंकित ने खंभे से बांधकर पीटा, जिससे उसको चोट आई है। सूचना पर पहुंची पुलिस पर अंकित ने आरोप लगाया कि वह पीड़ित है और बीट के सिपाही ब्रजेश तिवारी ने उसे तमाचे मारे और गालियां देकर मोबाइल तोड़ दिया।
सिपाही ब्रजेश तिवारी ने बताया कि असलम को खंभे से बांधकर पीट रहे थे किसी तरह छुड़ाकर थाने ले जा रहे थे कि तभी अंकित ने अपने साथियों के साथ धक्का मुक्की की। मामले में नीमगांव थाना प्रभारी निरीक्षक गजेंद्र सिंह ने बताया कि दोनो पक्षों की रिपोर्ट दर्ज कर मेडिकल कराया गया है। असलम का चालान भेज दिया गया है। सिपाही पर लगाया गया मारपीट का आरोप गलत है बल्कि सिपाही से ही धक्का मुक्की की गई है।
ऐसा कोई मामला हमारे संज्ञान मे नही है। पता करके जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। - संदीप सिंह, सीओ, मितौली