चपरतला (लखीमपुर खीरी)। मितौली तहसील के सदरपुर गांव में मंगलवार को तेज बारिश के कारण छप्पर गिर गया। छप्पर से दबकर संदीप राठौर की छह वर्षीय पुत्री दिव्यांशी की मौत हो गई।
मैगलगंज थाना क्षेत्र के सदरपुर गांव निवासी संदीप का परिवार छप्पर डालकर रहता है। छप्पर कई जगह से टपक रहा था। जैसे-जैसे बारिश तेज होने लगी, पानी तेजी से अंदर आने लगा। इससे घबराकर परिवार के लोग छप्पर ठीक करने में जुट गए। वहीं उनकी बच्ची पानी से बचकर बैठी हुई थी। अचानक छप्पर गिरा और वह उसके नीचे दब गई। चीखपुकार मच गई। आननफानन परिवार और गांव के लोगों ने बच्ची को बाहर निकाला। लेकिन उसे बचाया न जा सका। किसी तरह घटना की जानकारी तहसील प्रशासन को दी गई है। ग्रामीणों के मुताबिक पुलिस और प्रशासन से काफी देर तक कोई नहीं पहुंचा। इस संबंध में क्षेत्रीय लेखपाल जीवनलाल का कहना है कि सदरपुर गांव में छप्पर के नीचे दबकर बच्ची की मौत की जानकारी मिली है। वह गांव पहुंचे थे।
सूचना मिलने पर तहसीलदार, कानूनगो और लेखपाल मौके पर गए थे। रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेजी जा रही है। परिवार की हर संभव मदद की जाएगी। - दिग्विजय सिंह, एसडीएम मितौली