संपूर्णानगर। इलाके के मुरारखेड़ा गांव निवासी एक अधेड़ की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसके शरीर पर चोट के निशान भी हैं। परिजन का आरोप है कि अधेड़ नशे का आदी था और अपने दोस्तों के साथ शराब पीने गया था। जहां उसकी हत्या कर दी गई है। मामले में पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की है।
मुरारखेड़ा कॉलोनी निवासी वासनी का पुत्र हीरालाल (40) के परिजनों के मुताबिक वह गांव के ही अपने दोस्तों के साथ शराब पीने गया था। जिसके बाद उसका शव बरामद हुआ है। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। गांव की एक महिला ने बताया कि सुबह करीब 11 बजे वह दो लोगों के साथ शराब पीने के लिए उसके घर आया था। शराब पीने के बाद आपस में झगड़ा भी किया। दोपहर करीब एक बजे उसकी मौत हो गई। गांव के ही तीन लोगों को नामजद करते हुए पुलिस को तहरीर दी गई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। थाना प्रभारी सुनील सिंह ने बताया कि शव को पीएम के लिए भेज दिया गया है, महिला की तरफ से आई तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
अवैध शराब बनी मौत का कारण
गांवों में धड़ल्ले से बिक रही कच्ची शराब ही आखिरकार हीरालाल की मौत का कारण बन गई। गांव के अलावा सिंगाही खुर्द, मुरारखेड़ा, परसपुर, लगदहन, मझरा आदि गांवों में अवैध शराब का धंधा खूब फलफूल रहा है। लेकिन पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।