लखीमपुर खीरी। कोरोना की दूसरी लहर का प्रकोप देखने के बाद अब भी हर तरफ लापरवाही हो रही है। लोग कोविड प्रोटोकॉल की धज्जियां उड़ाते हुए न तो मास्क लगा रहे हैं और न ही सामाजिक दूरी का पालन कर रहे हैं। वह भी तब जब विशेषज्ञ तीसरी लहर आने की आशंका जता रहे हैं। ऐसा भी नहीं है कि लोगों में कोरोना का खौफ नहीं है। मगर, फिर भी लापरवाही बरतकर अपने साथ घर और परिवार वालों के लिए मुसीबत बन रहे हैं।
कोरोना की पहली से दूसरी लहर ज्यादा घातक रही। 15 दिन में ही इस कदर तबाही बचाई कि अस्पताल में इलाज के लिए और शवों का अंतिम संस्कार करने के लिए श्मशान में लाइनें लग गईं। फिलहाल कोरोना की रफ्तार अब बेहद धीमी हो चुकी है। मगर, इस बीच विशेषज्ञों का तीसरी लहर आने की आशंका जताए जाने से एक बार फिर से दूसरी लहर की तबाही इस संबंध में सतर्क रहने के लिए सचेत कर रही है। इसके बावजूद हर तरफ लापरवाही ही लापरवाही है। प्रोटोकॉल की धज्जियां उड़ाते हुए लोग सार्वजनिक स्थलों पर भी न तो लोग मास्क लगा रहे हैं और न ही सामाजिक दूरी का पालन कर रहे हैं। ऐसा भी नहीं है कि लोगों में कोरोना का खौफ नहीं है। इससे सुरक्षित रहने के लिए लोगों की टीकाकरण केंद्र पर भीड़ उमड़ रही है तो उधर, लापरवाही की गवाही महिला अस्पताल में रोजाना उमड़ रही भीड़ है। बुधवार को भी ओपीडी से लेकर अल्ट्रासाउंड कक्ष के सामने बेइंतहा भीड़ रही। ऐसे में सामाजिक दूरी का पालन तो होना असंभव था। मगर, अधिकतर महिलाएं बिना मास्क के दिखीं। जबकि बीमारियों के मामले में अस्पताल सबसे संवेदनशील हैं। इस तरह की लापरवाही महिलाओं के साथ उनके घर और परिवार वालों के लिए मुसीबत बन सकती है।
.
प्राथमिक विद्यालय सदर में नहीं होगा टीकाकरण
डॉ. उज्जवल कांत ने बताया कि बुधवार से कक्षा एक से लेकर पांच तक की पढ़ाई शुरू हो गई। इसलिए प्राथमिक विद्यालय में टीकाकरण शिविर का लगना उचित नहीं है। इसलिए सदर विद्यालय में वैक्सीनेशन नहीं होगा। शिविर के लिए जगह तलाश की जा रही है। फिलहाल बृहस्पतिवार को कचहरी में बार काउंसिल के निकट टीकाकरण होगा।
.
अस्पताल आकर सावधानी अवश्य बरतें, क्योंकि जरा सी लापरवाही मुसीबत बन सकती है। सामाजिक दूरी का पालन करते हुए मास्क अवश्य लगाएं रहे। वहीं थोड़ी थोड़ी देर बाद हाथों को भी सैनिटाइज करते रहें।
- डॉ. ज्योति मेहरोत्रा, सीएमएस महिला अस्पताल
......
कोरोना का खतरा अभी टला नहीं है। इसलिए लापरवाही बिल्कुल न करें। टीकाकरण अवश्य कराएं। अस्पताल, बाजार सहित सार्वजनिक स्थलों पर मास्क लगाकर ही जाएं। सामाजिक दूरी का भी पालन करें।
-डॉ. आरपी दीक्षित एसीएमओ एवं प्रभारी जिला प्रतिरक्षण अधिकारी