- मांगे पूरी न होने तक जारी रहेगा धरना प्रदर्शन
आशा संगनियों का तीन दिन से चल रहा धरना प्रदर्शन शनिवार को भी जारी रहा। धरना सभा में निर्णय लिया गया कि जब तक उनकी मांगे पूरी नहीं हो जातीं तब तक आशा/संगनियों का धरना प्रदर्शन जारी रहेगा। आशाओं और संगनियों ने शनिवार को सीएमओ कार्यालय का घेराव करते हुए जमकर प्रदर्शन किया।
धरना सभा को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय महासचिव रामनिवास शुक्ल ने कहा कि आशाएं गांव-गांव और घर-घर जाकर बीमारियों की जांच करने की जिम्मेदारियां निभा रहीं हैं। प्रसव से लेकर गर्भ में पल रहे बच्चे की देखभाल कर रही हैं, लेकिन उनकी समस्याओं को देखने वाला कोई नहीं है। नंदिनी ने कहा कि आशाओं को गुमराह कर कुछ लोग धन वसूली कर रहे हैं। जिसे हम बर्दाश्त नहीं करेंगे। आशाओं संगनियों को जब तक हक नहीं मिल जाता तब तक लड़ाई जारी रखेंगे।
जिलाध्यक्ष नंदिनी ने कहा कि आशाओं को माह अप्रैल 2010 से अब तक कोई पैसा नहीं दिया गया है, जिसे तत्काल दिलाया जाए। आशाओं को फाइलेरिया, पोलियो खसरा आदि का कोई पैसा नहीं दिया जाता, इसकी जांच कराकर पैसा दिलाया जाए। उन्होंने मांग की कि आशा संगनियों को कंप्यूटर ट्रेनिंग दी जाए। आशाओं और संगनियों ने जुलूस निकाला और सीएमओ कार्यालय पहुंची जहां सीएमओ कार्यालय का घेराव करते हुए जमकर नारेबाजी की। सीएमओ को अपनी मांगों का एक ज्ञापन भी दिया। धरना प्रदर्शन में अर्चना सिंह, ऊषा रस्तोगी, मोहिनी दीक्षित, विमला देवी, नफीसा बानो, द्रोपदी, लक्ष्मी, रुचि आदि आशाएं और संगिनी मौजूद रहीं।