लखनऊ में दुधवा के गाइड नसीम को सम्मानित करते सीएम योगी आदित्यनाथ।
- फोटो : LAKHIMPUR
पलियाकलां। दुधवा नेशनल पार्क में लंबे समय से गाइड रहे नसीम को लखनऊ में विश्व पर्यटन दिवस के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया है। पूरे यूपी से वन पर्यटन क्षेत्र में शामिल केवल दस लोगों को ही सम्मानित किया गया है जिसमें दुधवा के गाइड नसीम भी शामिल हैं।
1976 से दुधवा नेशनल पार्क में टूरिस्टों को घुमाने वाली मिनी वैन के ड्राइवर 70 वर्षीय नसीम को पार्क क्षेत्र का भ्रमण करने वाले सैलानी बखूबी पहचानते हैं। नसीम ने बताया कि वह जंगल के कोने-कोने से वाकिफ हो गए और उन्होंने बतौर गाइड का कार्य करना शुरू कर दिया। वह वीआईपी सैलानियों को भी घुमाते हैं। वर्तमान में वह गाइड के पद से रिटायर हो गए हैं लेकिन उसके बाद भी निजी तौर से वह गाइड का कार्यभार देख रहे हैं। इसके लिए वन विभाग से तो उनको सैलरी नहीं मिलती है लेकिन प्राइवेट गाइडों की तरह उनको पार्क आने वाले सैलानी गाइड फीस देते हैं। बताया कि उनके पास फील्ड डायरेक्टर संजय पाठक का फोन आया था जिसमें उन्होंने ही लखनऊ में विश्व पर्यटन दिवस पर उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा सम्मानित होने की बात कही। जिसके बाद वह अपने पुत्र के साथ लखनऊ गए और कार्यक्रम में हिस्सा लिया। यहां मुख्यमंत्री ने उनको बेहतर कार्य करने के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया है। नसीम का कहना है कि पूरे यूपी से दस लोगों को चिह्नित किया गया था जिसमें वह भी शामिल थे। उधर, नसीम को सम्मानित करने के बाद उनके परिवार, रिश्तेदार व करीबी लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई है।
1999 में दिल्ली की मुख्यमंत्री ने किया था सम्मानित
नसीम ने बताया कि वर्ष 1999 में डब्ल्यूडब्ल्यूएफ इंडिया द्वारा नई दिल्ली में कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। जिसमें वहां की तत्कालीन मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने उनको वन क्षेत्र में कार्य करने के लिए सम्मानित किया था।
पूर्व प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्रियों को करा चुके हैं भ्रमण
नसीम ने बताया कि वह पूर्व प्रधानमंत्री दिवंगत अटल बिहारी बाजपेई, चंद्रशेखर को जहां पार्क का भ्रमण करा चुके हैं। वहीं मुख्यमंत्री रहे दिवंगत नारायण दत्त तिवारी व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को पार्क का नजारा दिखा चुके हैं।