कभी देर रात सदर कोतवाली में धरने पर बैठने तो कभी अतिक्रमण को लेकर संकटा देवी में हुए हंगामे का केंद्र बनने तो कभी देर रात रोडवेज पर जाम लगने को लेकर हंगामा करने के मामले में चर्चा में रहने वाले सदर भाजपा विधायक योगेश वर्मा इस बार नए विवाद से घिर गए हैं। यह ताजा विवाद उनके उस बिगड़े बोल को लेकर है, जो उन्होंने बुधवार देर रात विलोबी मेमोरियल हॉल के मैदान में आयोजित कवि सम्मेलन के मंच से कह दिया। इस पूरे घटनाक्रम का गुरुवार को वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इसकी जोरों पर चर्चा हो रही है कि विधायक ने खुद ही भरे मंच से अपने आप को शराबी कह डाला।