ननिहाल में रहता था बालक, दुष्कर्म में विफल होने पर पड़ोसी ने दिया वारदात को अंजाम
लखीमपुर खीरी। सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव बांसखेड़ा में सोमवार शाम एक आठ वर्षीय बालक की पड़ोसी ने गला दबाकर हत्या कर दी और शव कुएं में फेंक दिया। खोजबीन के दौरान कुएं में बालक की चप्पलें उतराती दिखीं। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में शव कुएं से निकाला गया। पुलिस का कहना है कि दुष्कर्म में विफल होने पर पड़ोसी ने ही वारदात को अंजाम दिया। कोतवाली पुलिस ने आरोपी दरिंदे को गिरफ्तार कर लिया है।
फरधान थाना क्षेत्र के गांव लीला कुआं निवासी राहुल वर्मा का आठ वर्षीय पुत्र साहिल वर्मा कई सालों से सदर कोतवाली के गांव बांसखेड़ा स्थित अपनी ननिहाल में नाना शिवकुमार के पास रहता था। रविवार को साहिल अपने नाना के साथ खेत पर गया था, जहां गन्ने की बुआई हो रही थी। दोपहर में करीब एक बजे के बाद साहिल खेत से वापस घर चला गया था, जिसके बाद वह मोहल्ले के दो अन्य बच्चों के साथ घर के पास ही खेलने लगा। इसी दौरान पास में लगे बेर के पेड़ से बेर तोड़कर खाने लगा।
बताते हैं कि तभी पड़ोस में रहने वाला कृष्ण कुमार वर्मा उर्फ अनूप आ गया। उसने साहिल के साथ खेल रहे दो अन्य लड़कों को डांटकर उन्हें वहां से भगा दिया। इसके बाद साहिल को अपने घर ले गया, जहां अनूप पर हैवानियत सवार हुई और साहिल के साथ दुष्कर्म करने की कोशिश की। बालक ने विरोध किया। इस पर आरोपी ने उसकी गला दबाकर हत्या कर दी।
उधर, शाम छह बजे तक साहिल के घर न पहुंचने पर परिजन को चिंता हुई और खोजबीन शुरू की गई। बताते हैं कि आरोपी कृष्ण कुमार वर्मा उर्फ अनूप भी साहिल की खोजबीन कराने में सहयोग करने लगा। जब साहिल का पता नहीं चला, तो ग्रामीणों के घरों की तलाशी लेने की बात हुई। तब अनूप मौके से खिसक लिया और साहिल के शव को घर के पास स्थित कुएं में डाल दिया। साथ ही उसकी चप्पलें भी फेंक दीं। घरों में साहिल के न मिलने पर कुछ ग्रामीणों ने कुएं में झांककर देखा, तो चप्पल उतराती दिखीं। चप्पलें बाहर निकाले जाने पर परिजन ने पहचान की, जिससे निश्चित हो गया कि शव कुएं में होगा। हालांकि पहली बार खोजबीन में शव नहीं मिला, जिस पर परिजन ने कोतवाली पुलिस को सूचना देकर बुलाया। इसके बाद कुएं में कांटा डालकर खोजबीन की गई, तो साहिल का शव बरामद हो गया। इस दौरान शक के आधार पर पुलिस ने आरोपी कृष्ण कुमार वर्मा उर्फ अनूप को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, तो आरोपी ने सच्चाई उगल दी। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में रिपोर्ट दर्ज उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
बांसखेड़ा गांव में ननिहाल में रह रहे आठ वर्षीय बालक के साथ पड़ोसी युवक ने दुष्कर्म करने का प्रयास किया था। भेद खुल जाने के डर से उसने बालक की गला दबाकर हत्या कर दी और शव कुएं में फेंक दिया था। शव को बरामद कर पोस्टमार्टम कराया गया है। वहीं आरोपी युवक को गिरफ्तार कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
- अरविंद वर्मा, सीओ सिटी