निघासन। तिकुनियां से बाइक से घर लौटते वक्त एक टैंकर ने युवक को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। युवक हेलमेट नहीं लगाए था।
गांव बस्तीपुरवा निवासी तेजनरायण भार्गव क्षेत्र पंचायत सदस्य था, वह शुक्रवार को किसी काम से तिकुनियां गया था, जहां से वापस आते समय सरयू पुल के पास पीछे से आ रहे एक टैंकर ने उसे ओवरटेक किया। अधिक स्पीड में होने के कारण साइड से टैंकर ने टक्कर मार दी। टक्कर तेज होने के कारण तेजनारायण बाइक समेत सड़क किनारे जा गिरा। घायल अवस्था में राहगीरों ने उसे सीएचसी पहुंचाया। हालत खराब होने पर जिला अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। प्रभारी निरीक्षक डीके सिंह ने बताया कि टैंकर की तलाश की जा रही है। मामले में तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
--
ई रिक्शा पलट जाने से महिला की मौत, दो घायल
जंगबहादुरगंज। पसगवां कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग 24 पर ग्राम मस्तीपुर के निकट ई रिक्शा पलट जाने से एक महिला की मौत हो गई और एक दंपती घायल हो गया।
जंगबहादुरगंज पुलिस चौकी प्रभारी आदित्य कुमार सिंह ने बताया कि ई रिक्शा तेज गति से शाहजहांपुर की तरफ से जंगबहादुरगंज आ रहा था। ग्राम मस्तीपुर में बरमबाबा नामक स्थान पर पलट गया। जिसमें ई रिक्शा पर सवार पसगवां कोतवाली क्षेत्र के ग्राम रामापुर निवासी शांति देवी उर्फ सुमन सिंह (50) पत्नी मदन सिंह की दबने से मौत हो गई। जबकि इसी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम लखनौरिया निवासी रामेश्वर और उसकी पत्नी रामबेटी घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। घायल दंपती को इलाज के लिए भेजा गया है। घटना शनिवार करीब तीन बजे की है। संवाद
--
निजी बस ने अधेड़ को मारी टक्कर, टूटे पैर
धौरहरा। कटौली धौरहरा मार्ग पर ईसानगर में पेट्रोल पंप के पास साथियों का इंतजार कर रहे एक व्यक्ति को प्राइवेट बस ने टक्कर मार दी जिससे उसके दोनों पैर टूट गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को ईसानगर अस्पताल में भर्ती कराया जहां से उसे डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
शनिवार को ईसानगर कटौली बाईपास पर अपने घर से धौरहरा जा रहे रुद्रपुर निवासी कृष्ण मुरारी मौर्या (55) पुत्र मेवालाल ईसानगर बाईपास पर सड़क किनारे खड़े होकर अपने साथियों का इंतजार कर रहे थे तभी ढखेरवा से कटौली जा रही तेजगति बस ने टक्कर मार दी जिसमें कृष्ण मुरारी के दोनों पैर टूट गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने बस को कब्जे में लेते हुए घायल को पीएचसी में भर्ती कराया जहां हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। संवाद
-
बालू भरे ट्रैक्टर ट्रॉली ने राहगीर को मारी टक्कर
गोला गोकर्णनाथ। शनिवार की सुबह खुटार रोड पर बालू भरी ट्रॉली ने एक बाइक सवार को टक्कर मार दी। जिसमें वह बाल बाल बच गया वहीं उसकी बाइक क्षतिग्रस्त हो गई।
क्षेत्र के गांव शबुदियापुर निवासी बाइक सवार राहगीर सर्वेश वर्मा खुटार रोड होते हुए सदर चौराहे की तरफ आ रहा था। रास्ते में खुटार रोड पर सामने से आ रहे ट्रैक्टर ट्रॉली ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसा होते ही लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर कोतवाली में खड़ा करा लिया। वही चोटिल सर्वेश वर्मा का निजी डॉक्टर के यहां इलाज कराया गया। वही लखीमपुर रोड पर कुनौठिया गांव के पास आमने सामने बाइक की भिड़ंत में शाहजहांपुर के पिपरिया गांव निवासी वीरपाल चोटिल हो गए। वह अपनी ससुराल सौठन जा रहे थे। बीरपाल का सीएचसी में इलाज कराया गया। संवाद