रमन के परिवार के बात करते सतीश मिश्र।
बसपा नेता सतीश चंद्र मिश्रा पहुंचे पत्रकार रमन कश्यप के घर
निघासन। बसपा के महासचिव सतीश चंद्र मिश्रा बृहस्पतिवार को रमन कश्यप के घर पहुंचे। उन्होंने रमन के पिता रामदुलारे से मिलकर उनको ढांढस बंधाया।
उन्होंने कहा कि अजय कुमार मिश्र के केंद्रीय गृह राज्यमंत्री के पद पर रहते निष्पक्ष जांच किसी तरह संभव नहीं है, वह भी ऐसी स्थिति में जब उनका पुत्र ही मुख्य आरोपी हो। अजय मिश्र से तत्काल इस्तीफा ले लेना चाहिए। उन्होंने मृतक के परिवार वालों को पांच करोड़ का मुआवजा देने की बात कही। कहा, पूरे मामले में पुलिस की भूमिका संदिग्ध है। पुलिस, मंत्री और बेटे को बचाया जा रहा है। सरकार की यह लीपापोती नहीं चलेगी। उन्होंने कहा कि मायावतीजी ने पूरे मामले को संज्ञान में लिया है। उन्होंने न्यायालय का आभार व्यक्त करते हुए न्यायालय की निगरानी में जांच होनी चाहिए।
एससीएसटी आयोग के अध्यक्ष लालजी भी रमन के घर पहुंचे
निघासन। पत्रकार रमन कश्यप के घर एससीएसटी आयोग के अध्यक्ष लालजी प्रसाद निर्मल पहुंचे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार आपके साथ है। मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी। मामले में न्यायिक कमेटी का गठन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कर दिया है। रमन के भाई पवन कश्यप ने तिकुनिया प्रभारी निरीक्षक पर आरोप लगाया है कि उनकी लापरवाही से रमन की जान चली गई। यदि समय से इलाज मिलता तो शायद उनकी जान बच जाती। संवाद