कैमाबुजुर्ग गांव में गंदगी देखकर भड़के डीएम, ग्राम प्रधान की लगाई फटकार
सिकंद्राबाद/ लखीमपुर खीरी। बेहजम सीएचसी क्षेत्र के गांव कैमाबुजुर्ग में मलेरिया का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को कैमाबुजुर्ग गांव में मलेरिया के 16 मरीज और पाए गए। अब वहां मलेरिया के मरीजों की संख्या 22 हो गई। कैमाबुजुर्ग गांव में गंदगी देख डीएम ने ग्राम प्रधान की फटकार लगाई। सीएमओ को वहां स्टेटिक हेल्थ कैंप लगाने के निर्देश दिए हैं।
डीएम डॉ. अरविंद चौरसिया ने सीएमओ शैलेंद्र भटनागर, डीपीआरओ सौम्यशील सिंह और एसडीएम मितौली दिग्विजय सिंह के साथ शुक्रवार दोपहर बेहजम सीएचसी क्षेत्र के गांवों का दौरा किया। कैमाबुजुर्ग गांव में घर के सामने गंदा पानी और गंदगी देखकर डीएम का मूड बिगड़ गया। उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई और ग्राम प्रधान महेश को एक दिन में घरों के सामने से गंदा पानी और कूड़े के ढेरों हटाने को कहा। ऐसा न करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी। साथ ही डीएम ने ग्रामीणों से अपने घरों के सामने से गंदगी हटाने को कहा। प्राथमिक विद्यालय में स्टेटिक हेल्थ कैंप लगवाने के निर्देश सीएमओ को दिए।
डीएम ने सीएचसी प्रभारी डॉ. अनिल वर्मा से अब तक हुई सैंपलिंग की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि गांव के तालाबों में गंबुशिया मछली डलवाई जाए। साफ-सफाई न करने वालों से पुलिस की मदद लेकर सख्ती से निपटें। एसडीएम, बीडीओ और डीपीआरओ को गांव में रुककर अपनी देखरेख में सफाई अभियान चलाकर सफाई कराने को कहा। जल जमाव वाले इलाकों में एंटी लार्वा स्प्रे कराने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि वह शनिवार को फिर गांवों का निरीक्षण करेंगे। डीएम ने गांव के गुलशन और रोशनी के घर जाकर उनके परिजन से बातचीत की। ग्रामीणों को पूरे कपड़े पहनने की सलाह दी गई है। इसके बाद कैमाबुजुर्ग ग्राम पंचायत के लाल्हनपुर मजरा में पहुंचे एसडीएम ने घरों के सामने से कूड़ा व गंदगी के ढेर हटाने के निर्देश दिए।
पूरे ब्लॉक के सफाई कर्मी कैमाबुजुर्ग में डटे
ग्राम प्रधान महेश कुमार के सिर्फ एक सफाई कर्मी होने की दलील पर डीपीआरओ सौम्यशील सिंह ने पूरे बेहजम ब्लॉक के सभी सफाई कर्मियों को अगले चार दिन कैमाबुजुर्ग गांव में रहकर सफाई करने के निर्देश दिए हैं। बाद में अतिरिक्त सफाई कर्मी नियुक्त किए जाएंगे।
कैमाबुजुर्ग में तीन दिन में मलेरिया के कुल 22 केस हो गए हैं। डीएम के निर्देश पर आसपास के चार गांवों के लिए अस्थायी अस्पताल बनाया गया है। गांव में करीब 180 घर हैं, इसके लिये चार टीमें लगाई गई हैं। गांव में एंटी लार्वा का छिड़काव कराने के साथ शाम को फॉगिंग भी कराई जा रही है। अब तक करीब 270 स्लाइड बनी हैं, शुक्रवार को 21 स्लाइड बनाई गई हैं। - डॉ. शैलेंद्र भटनागर, सीएमओ
मलेरिया के बढ़ते मामलों पर डीएम ने अफसरों के साथ की बैठक
लखीमपुर खीरी। जिले में लगातार बढ़ते जा रहे मलेरिया के मामलों को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने कलक्ट्रेट में संबंधित अधिकारियों की बैठक कर मलेरिया, डेंगू एवं मच्छर जनित रोगों के खिलाफ मुहिम चलाने के अफसरों को निर्देश दिए।
बैठक में डीएम ने सीएएमओ डॉ. शैलेंद्र भटनागर से जेई-एईएस व डेंगू के मामलों का वर्षवार विवरण और मलेरिया विभाग की अब तक के कार्यों के बारे में और उनकी योजनाओं के बारे में जाना। उन्होंने मौजूद अधिकारियों को बेहजम ब्लॉक की ग्राम पंचायत कैमाबुजुर्ग और उसके मजरे लालनपुर व करनपुर ग्राम पंचायत में डोर टू डोर सर्वे कर त्वरित गति से निरोधात्मक कार्रवाई के निर्देश दिये। उन्होंने सूर्यास्त के बाद युद्ध स्तर पर फॉगिंग और नालियों में केरोसीन ऑयल डलवाने के निर्देश दिये। साथ ही प्रभावित क्षेत्रों में मलेरिया निरीक्षकों की ड्यूटी लगाने को भी कहा।
डीएम ने कैमाबुजुर्ग, लालनपुर व करनपुर गांव में स्टेटिक हेल्थ कैंप लगाकर उनमें आठ-आठ घंटे स्वास्थ्यकर्मियों की तैनाती के निर्देश दिये। बैठक में सीएमओ ने बताया कि जिले भर में 1357 टीमें डोर टू डोर सर्वे में लगी हैं, जो 16 सितंबर तक काम पूरा कर लेंगी।
डीएम ने नगर पालिका लखीमपुर को निर्देशित किया कि ऐसे प्लॉट जिसमें जल जमाव है, उनके मालिकों को नोटिस जारी कर प्लॉटों में एंटीलार्वा डलवाया जाए। उन्होंने कहा कि सर्वे के समय ग्रामीणों को पूरी आस्तीन के कपड़े पहनने को कहा जाए। साथ ही जिन घरों में मलेरिया के मरीज मिले हैं, उन्हें एंटी मलेरिया की दवा के साथ प्रीमेडिकेशन कराने की बात कही। डीएम ने डीपीआरओ को ग्रामीण क्षेत्रों में युद्धस्तर पर अभियान चलाकर साफ-सफाई करवाने के निर्देश दिये। बैठक में सीएमओ शैलैंद्र भटनागर, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अश्विनी, डॉ. आरपी दीक्षित और नपाप लखीमपुर के अधिकारी मौजूद रहे।