संघ और भाजपा नेता भी परेशान
लखीमपुर खीरी की घटना को लेकर भाजपा के सहयोगी दलों के अलावा खुद भाजपा और संघ के नेताओं की परेशानी बढ़ रही है। लखनऊ में सक्रिय संघ कार्यालय के एक नेता ने कहा कि वह कोई टिप्पणी नहीं कर रहे हैं, लेकिन इस तरह की घटना किसी भी सभ्य समाज के लिए कष्टप्रद हैं। उन्होंने कहा कि इससे अधिक वह कुछ नहीं कह सकते। एक पूर्व प्रांत प्रचारक ने कहा कि इस पर वह क्या बोलें और क्या न बोलें? अंतत: उन्हें लोगों के बीच में रहना पड़ता है। पूर्वांचल के 16 जिलों में जनसंपर्क का काम कर चुके नेता का भी कहना है कि इस समय सफाई में बोल पाने के लिए हमारे पास कुछ खास नहीं है। लेकिन हमें भरोसा है कि हमारा संगठन पूरे मामले को बहुत गंभीरता से ले रहा है। भाजपा के सहयोगी दलों में अपना पटेल के नेता आशीष पटेल, जद(यू) के नेता केसी त्यागी को भी काफी कुछ अखर रहा है। पीलीभीत से सांसद वरुण गांधी लगातार उत्तर प्रदेश, केंद्र और भाजपा सरकार की परेशानी बढ़ा रहे हैं। वरुण गांधी के इस क्रांतिकारी अंदाज पर कई भाजपा नेता भी असहज हैं।
प्रियंका गांधी के मोबाइल उठाकर वीडियो दिखाने से बढ़ी परेशानी
यह भी सुन लीजिए। भाजपा के एक बड़े नेता हैं। अनौपचारिक चर्चा के दौरान कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी को कोस रहे हैं। उनका कहना है कि मैडम की पार्टी को उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 में कुछ खास हासिल नहीं होगा, लेकिन लोगों की भावनाएं भड़काने में लगी रहती हैं। नेता जी नसीहत देते हुए कहते हैं कि क्या इस तरह से किसी नेता को मोबाइल फोन उठाकर गाड़ी चढ़ाने का वीडियो दिखाना चाहिए? इससे तो लोग भड़केंगे ही। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के एयरपोर्ट पर ही बैठ जाने को लेकर कहते हैं कि यह किसी समझदार मुख्यमंत्री का काम नहीं हो सकता। वह कहते हैं कि कांग्रेस पार्टी में एक ही समझदार और चापलूसी में भरोसा न करने वाला मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ही था और अब वे बागी हैं।
अभी कुछ और वीडियो पैदा कर सकते हैं परेशानी
भाजपा के नेताओं को लग रहा है कि इस घटना से जुड़े अभी कुछ और वीडियो आ सकते हैं। इस तरह की आशंका पुलिस के अधिकारियों की भी है। उन्हें लग रहा है कि इनके आने से परेशानी बढ़ सकती है। इसके अलावा केंद्र से लेकर राज्य सरकार की नजर लखीमपुर खीरी प्रकरण को लेकर आज होने वाले विरोध-प्रदर्शनों पर टिकी है। भाजपा नेताओं का एक तबका मानता है कि लखीमपुर खीरी प्रकरण में जल्द कोई बड़ा फैसला लिया जाना चाहिए।