ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से दो किशोर घायल
वन कॉलोनी के पास हुआ हादसा
पकड़ियार बाजार(कुशीनगर)। नेबुआ नौरंगिया थानक्षेत्र के खैरटिया चौराहे पर मंगलवार को ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से दो किशोर घायल हो गए। परिजन घायलों को जिला अस्पताल ले गए, जहां एक की हालत गंभीर देख डॉक्टर ने गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
क्षेत्र के सौरहा खुर्द के पुरब टोला निवासी रामदरश गुप्ता का पुत्र श्रवण (14) और उसका मित्र विशाल (15) साइकिल से खैरटिया चौराहे से घर जा रहे थे। नौरंगिया-कप्तानगंज मार्ग स्थित वन कॉलोनी के पास पकड़ियार की तरफ से आ रहे एक टैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आकर दोनों घायल हो गए। लोगों की सूचना पर पहुंचे परिजन दोनों घायलों को जिला अस्पताल ले गए, जहां श्रवण की हालत गंभीर देख डॉक्टर ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। जबकि विशाल को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
खड़े ट्राला में कंटेनर ने मारी टक्कर
सुकरौली। हाटा कोतवाली के जोल्हिनिया में सोमवार देर रात एक कंटेनर ने एनएच पर खड़े ट्राला में टक्कर मार दी। चालक समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मुजफ्फरपुर बिहार निवासी अशोक (40) और राजू अली (35) कंटेनर लेकर गोरखपुर से कसया की तरफ जा रहे थे। हाटा कोतवाली के जोल्हिनिया पहुंचे थे कि हाईवे पर खड़े एक ट्राला से टक्कर हो गई। इससे कंटेनर का चालक और उसका साथी घायल हो गया। मौजूद लोगों ने एनएचआई टीम को सूचना दी। मौके पर पहुंची एनएचआई टीम ने दोनों घायलों को सुकरौली सीएचसी भिजवाया, जहां हालत गंभीर देख डॉक्टर ने मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। संवाद