आंधी-बारिश से पेड़ और तार-पोल गिरे
कुशीनगर। जनपद के कुछ हिस्सों में बृहस्पतिवार को दोपहर बाद आंधी-बारिश के चलते काफी नुकसान हुआ। लोगों के घरों के टिनशेड उड़ गए। पेड़ गिरने से भी काफी नुकसान हुआ। इसके अलावा तार-पोल टूटकर गिर गए, जिससे कई गांवों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है।
उजारनाथ प्रतिनिधि के अनुसार आंधी और बारिश के कारण तार-पोल टूटकर गिर गए। पेड़ ढह गए तथा घरों के टिनशेड उड़ गए। तार-पोल टूटने से बिजली आपूर्ति ठप हो गई। यह स्थिति तमकुही क्षेत्र के चंद्रौटा, करमैनी, जवार, मोगलपुरा, सेंदुरिया बुजुर्ग आदि गांवों में रही। वहां काफ़ी नुकसान हुआ है। इन गांवों में कई लोगों के घरों के टिनशेड उड़ गए हैं। विभूति गुप्ता, बच्चन कुशवाहा, जीतन गुप्ता, जंत्री प्रसाद सहित कई लोगों के टिनशेड पर पेड़ गिर गए। बिजली के पोल, आम, महुआ समेत कई अन्य पेड़ की डालियां गिर गईं। कुछ पेड़ धराशायी हो गए। विद्युत पोल गिर जाने से कई गांवों की आपूर्ति बाधित हो गई है। फाजिलनगर विद्युत उपकेंद्र के जेई सरताज अंसारी ने बताया कि विद्युत कर्मचारियों को भेजकर जल्द तार-पोल ठीक कराए जाएंगे।
पटहेरवा प्रतिनिधि के अनुसार आंधी-बारिश में महुअवा गांव में पेड़ उखड़ बिजली के तार में उलझ गए। वहीं किट्टू तिवारी का शेड क्षतिग्रस्त हो गया। हसनैन का 100 वाट का सोलर पैनल उड़ गया। जमालुद्दीन का काफी संख्या में सीमेंट का शेड उड़कर दूर जा गिरा और टूट गया। वहीं कई गांवों में इसी तरह का भारी नुकसान हुआ है। काफी संख्या में पेड़ भी उखड़कर गिर गए हैं।
बनकटा बाजार प्रतिनिधि के अनुसार आंधी-बारिश में फाजिलनगर से बनकटा बाजार की ओर आने वाली मुख्य सड़क पर पेड़ गिर गया, जिससे आवागमन काफी देर तक बाधित रहा। शंकर पटखौली के ग्राम प्रधान जेपी कुशवाहा ने बताया कि उनके गांव के चौराहे से फाजिलनगर की ओर जाने वाली सड़क पर भी पेड़ गिरने से आवागमन बाधित रहा। उन्होंने बताया कि आंधी-बारिश के दौरान बड़े-बड़े ओले भी गिरे। कई जगह बिजली के खंभे और एलटी तार के साथ बड़े बड़े पेड़ गिर गए।
जौरा बाजार प्रतिनिधि के अनुसार पटहेरवा थाना क्षेत्र के धौरहरा में स्थित एक अंडा फार्म को भी आंधी-बारिश में नुकसान हुआ है। वहां की पांच हजार से अधिक मुर्गियां लोहे की जाली में दब गई। दबने से 50 से अधिक मुर्गियां मर गईं। पोल्ट्रीफार्म के मालिक कालिका गुप्ता का कहना था कि आंधी-बारिश से उनका 20 लाख से अधिक का नुकसान हुआ है। प्रधान प्रतिनिधि विजय बहादुर सिंह मौके पर पहुंच लेखपाल को सूचना दिए।
समउर बाजार प्रतिनिधि के अनुसार समउर बाजार और आस-पास के गांवों में आंधी-बारिश के दौरान ओले गिरे। हसनपुरा के किसान गुलाम गौस, पिपराकनक के मैनेजर अली व अन्य किसानों ने बताया कि ओलावृष्टि से ज्यादा नुकसान नहीं हुआ, लेकिन उमस भरी गर्मी से राहत मिली है तथा बारिश के कारण खेतों की जुताई आसान हो गई है।