बच्चों और गर्भवती महिलाओं की देखरेख जरूरी: रोमा सिंह
- आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा व स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं का प्रशिक्षण संपन्न
संवाद न्यूज एजेंसी
कप्तानगंज। ब्लॉक सभागार में मंगलवार को आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा व स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को प्रशिक्षित किया गया। सीडीपीओ रोमा सिंह ने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्रों से जुड़े लाभार्थियों को सुपोषित करने के लिए सही मानीटरिंग जरूरी है।
उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों पर पंजीकृत पांच वर्ष तक के बच्चों और गर्भवती महिलाओं को सुपोषित करने के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सभी बच्चों का समय-समय पर आयु के आधार पर लंबाई और वजन लें। जांच में जो बच्चे कुपोषित और अतिकुपोषित की श्रेणी में चिह्नित हों उनके स्वास्थ्य प्रबंधन कराए जाने के लिए क्षेत्र के प्रभारी चिकित्साधिकारी, राष्ट्रीय बाल किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम की टीम और एएनएम से स्वास्थ्य परीक्षण कराएं। इसके बाद जो बच्चे सैम और मैम की श्रेणी में चिह्नित हों उन्हें बेहतर इलाज और देखभाल के लिए पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती कराएं। गर्भवती के लिए भी गोद भराई कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें सही पोषण की जानकारी उपलब्ध कराएं। इस दौरान ममता, रजिया, आशा देवी, स्वयं सहायता समूह की सुनीता, रीता, रंजीता, एएनएम प्रतिमा व सुधा आदि मौजूद थीं।