घर में आग लगाकर छत पर चढ़ गया युवक
मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया
युवक को नीचे लाने में पुलिस को घंटों करनी पड़ी मशक्कत
संवाद न्यूज एजेंसी
तमकुहीराज। स्थानीय कस्बे में एक मनबढ़ युवक ने मुहल्लेवासियों और पुलिस को घंटों हलकान किया। युवक ने अपने ही घर में आग लगा कर छत पर चढ़कर आत्महत्या की धमकी देने लगा। उसने मनाने वालों पर से ईंट फेंककर मारने का प्रयास कर रहा था। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने आग बुझाई। मौके पर सीओ के साथ पहुंची पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
शनिवार की देर रात कस्बा के गोविंदनगर मुहल्ला निवासी राहुल मद्धेशिया अपने बेडरूम में आग लगाकर छत पर जा चढ़ा। वहां से कूदकर जान देने की धमकी देने लगा। मुुहल्ले वालों के समझाने पर ऊपर से ईंट से मारने का प्रयास कर रहा था। घर में आग लगने से पूरे मुहल्ले में हलचल मच गई। लोगों ने इसकी सूचना फायर ब्रिगेड और पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने आग बुझाई। चौकी प्रभारी राजकुमार ने राहुल को समझाने का प्रयास किया तो ईंट मारने लगा। इसी दौरान सीओ फूलचंद कन्नौजिया भी पहुंच गए। किसी तरह से राहुल को छत से उतारा गया। इससे काफी देर तक मुहल्लेवासी एवं पुलिस के लोग परेशान रहे। इस संबंध में चौकी प्रभारी का कहना है कि राहुल की हरकत से पूरा मुहल्ला परेशान रहा। उसके खिलाफ केस पंजीकृत कर कार्रवाई की जा रही है।