पानी में डूबने से किशोरी की मौत
टेंगरहां की रहने वाली थी काजल
संवाद न्यूज एजेंसी
छितौनी। सोमवार को पशुओं के लिए चारा लाने गई कस्बा के टेगरहां निवासी एक किशोरी की गन्ने के खेत में भरे पानी में डूबने से मौत हो गई। साथ में मौजूद उसकी सहेलियों के शोर मचाने पर पहुंचे गांव के लोगों ने उसे पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
टेगरहां गांव निवासी लकडू की 16 वर्षीय बेटी काजल सोमवार की दोपहर पशुओं के लिए चारा लाने गांव से पश्चिम सरेह में एक गन्ने की खेत में गई थी। इसी दौरान गन्ने के खेत में भरे पानी में डूब गई। उसके साथ चारा लाने गई, उसकी सहेली सैयदा ने बताया कि चारा काटते समय काजल का हंसिया खेत में ही छूट गया था। उसी को लाने खेत में दोबारा गई थी। काफी देर तक नहीं आने पर उसकी तलाश में खेत में गई तो उसका शव पड़ा था। सूचना पर पहुंचे गांव के लोग और परिजन काजल के शव को खेत से निकालकर घर लाए। उसके घर में चीत्कार मची हुई है।