कार की चपेट में आने से किशोर की मौत
रामकोला(कुशीनगर)। स्थानीय थाना क्षेत्र के मोरवन खास गांव में मंगलवार रात कार पीछे करते समय एक बच्ची और किशोर चपेट में आ गए। इससे बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। जबकि किशोर की इलाज के दौरान मौत हो गई।
सोमवार को रफीक अंसारी के पुत्र की बरात वापसी के बाद मंगलवार को उनके घर पर दावते वलीमा का कार्यक्रम था। इसमें जिला पंचायत सदस्य अब्दुल करीम सिद्दीकी कार से आए थे। रात करीब 10 बजे उनकी कार गांव का ही एक युवक पीछे करने लगा। बताया जा रहा है कि युवक जैसे ही कार स्टार्ट कर पीछे करना चाहा, तो हैंडब्रेक लगा होने के कारण कार पीछे नहीं हो रही थी। अधिक एक्सीलेटर लेने के बाद गाड़ी पीछे की तरफ कूदकर बढ़ गई। वहां खड़े बच्चों में राजेश का करीब 17 वर्षीय पुत्र संदीप मस्जिद की दीवार व कार के बीच में दब गया, जबकि नियाज अली की पुत्री पांच वर्षीय बेटी गौसिया कार के पहिया के नीचे आ गई। मौके पर मौजूद लोगों ने कार को उठाकर बच्ची और किशोर को बाहर निकाला और दोनों को रामकोला सीएचसी ले गए। घायलों की हालत गंभीर देख डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान संदीप की मौत हो गई। दूसरी ओर कार को पंक्चर कर गांव में ही रोक लिया गया है। मौके पर पहुंचे हल्का के सिपाहियों ने कार की स्थिति का जायजा लिया और सभी धैर्य रखकर कानूनी कार्रवाई करने का अनुरोध किया। रामकोला एसओ डीके सिंह ने बताया कि इस घटना की जानकारी है। तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने युवक की मौत
खड्डा। अहिरौली-करदह मार्ग पर मंगलवार देर रात ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई।
खड्डा थानाक्षेत्र के ग्राम सभा अहिरौली निवासी लालबहादुर गिरी (24) मंगलवार को छोटे भाई को ट्रेन में बैठाने बाइक से खड्डा रेलवे स्टेशन गए थे। वहां से घर लौटते समय अहिरौली-करदह मार्ग पर एक ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आकरघायल हो गए। चालक वाहन लेकर भाग गया। मौजूद लोग घायल युवक को तुर्कहां सीएचसी ले गए, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। संवाद