चुनाव कराने के लिए छात्रनेताओं का धरना
एसबीएम पीजी कॉलेज परिसर में जुटे छात्रनेता
संवाद न्यूज एजेंसी
फाजिलनगर। एसबीएम पीजी कॉलेज फाजिलनगर परिसर में छात्रनेताओं ने बृहस्पतिवार को धरना शुरू किया। छात्रनेता कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव कराने की मांग कर रहे थे। छात्र नेताओं ने कहा कि जब तक मांगे पूरी नहीं होंगी, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष राजन कुमार शुक्ल ने छात्र नेताओं का समर्थन करते हुए कहा कि कुलपति ने स्पष्ट रूप से कह दिया है कि महाविद्यालय छात्रसंघ चुनाव कराने के लिए स्वतंत्र हैं। इसके बाद भी प्राचार्य की तरफ से छात्रसंघ चुनाव कराने को लेकर मनमानी की जा रही है। छात्र नेता बलिराम जायसवाल ने कहा कि महाविद्यालय प्रशासन चुनाव नहीं कराकर छात्रों के अधिकारों का हनन कर रहा है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेताया कि जब तक छात्रसंघ चुनाव की घोषणा नहीं होती, तब तक यह धरना जारी रहेगा। इस दौरान छात्रनेता रोहित शर्मा, नसीम अंसारी, शत्रुध्न यादव, राजकुमार गुप्ता, अमित गुप्ता, सलमान हुसैन, धीरज चौहान, शौर्यप्रताप सिंह, सोहराब अंसारी, दीपक ठाकुर, विवेक प्रताप सिंह, लिंकन पटेल, इरशाद अंसारी आदि मौजूद रहे।