दौड़ प्रतियोगिता में शुभम ने मारी बाजी
कंपोजिट विद्यालय रायपुर बंजरिया परिसर में आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
कोटवा बाजार। क्षेत्र के कंपोजिट विद्यालय रायपुर बंजरिया परिसर में शुक्रवार को न्याय पंचायत स्तरीय बेसिक बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। इसमें दौड़, लंबी कूद, कबड्डी और खो-खो प्रतियोगिताएं आयोजित हुई। इसमें सफल प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
खेलकूद प्रतियोगिता का उद्घाटन करते हुए ग्राम प्रधान आशुतोष चौहान ने कहा कि खेलकूद प्रतियोगिताओं से बच्चों के भीतर शारीरिक विकास होता है। इसलिए ऐसे आयोजनों में अधिक से अधिक बच्चों को प्रतिभाग करना चाहिए। इसके बाद शुरू हुई दौड़ प्रतियोगिता में बालक वर्ग के शुभम और बालिका वर्ग में किरण को प्रथम स्थान मिला। लंबी कूद प्रतियोगिता में उच्च प्राथमिक विद्यालय बंजरिया ने बालक व बालिका दोनों वर्ग में प्रथम स्थान हासिल किया। खो-खो प्रतियोगिता में उच्च प्राथमिक विद्यालय बरईपट्टी ने प्रथम और कबड्डी प्रतियोगिता में दुसाधीपट्टी विद्यालय ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस दौरान पुरुषोत्तम दुबे, अखिलेश विश्वकर्मा, फागु प्रसाद, मोहम्मद सलीम, अजय नायक, सर्वेश सिंह, गणेश सिंह, हाशिम अंसारी, सौरभ जैन, अमरेंद्र सिंह, संगीत विश्वकर्मा, ज्योति सिंह, वीरेंद्र आदि मौजूद रहे।