कुशीनगर जिले के सेवरही थाना क्षेत्र के ग्राम सभा कतौरा में पति-पत्नी के बीच हुई कहासुनी के बाद 45 वर्षीय एक व्यक्ति ने रविवार रात में गले मे फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। इससे परिवार में मातम छा गया है। घटना की सूचना मिलते ही सेवरही थाने की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कतौरा ग्राम सभा में राजकीय पशु चिकित्सालय के पास निवास करने वाले राजेश गुप्ता (45) पुत्र नत्थू गुप्ता पत्नी, तीन पुत्रों एवं एक पुत्री और परिवार के अन्य लोगों के साथ रहते थे। साथ ही वह तमकुहीराज तहसील गेट के सामने चाय-मिठाई की दुकान संचालित करते थे।
बताया जा रहा है कि रविवार शाम जब वह घर आए तो किसी बात को लेकर उनकी पत्नी से कहासुनी हो गई। इससे नाराज होकर पत्नी बच्चों के साथ तमकुहीराज स्थित दुकान पर चली गई, जबकि राजेश घर पर ही रह गए। खाने-पीने के बाद कमरे में सोने चले गए। लोगों कहना था कि शायद इसी दौरान उन्होंने गले मे फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली होगी।
सोमवार को सुबह देर तक नहीं जगने पर परिवार के अन्य व्यक्ति जब उसके कमरे में गए तो फंदे से लटका राजेश का शव देखकर अवाक रह गए। घटना की जानकारी होते ही पूर्व प्रधान गोपाल शुक्ल सहित अनेक लोग मौके पर जुट गए। घटना की सूचना पुलिस के दे दी गई।
सेवरही पुलिस चौकी इंचार्ज राजेश कुमार मिश्र मयफोर्स मौके पर पहुंचे और छानबीन शुरू कर दी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इस संबंध में पुलिस चौकी प्रभारी राजेश कुमार मिश्र का कहना था कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस जरूरी कार्रवाई में जुटी है।