लापता स्कूल संचालक को उसके परिजनों को सुपुर्द करती पुलिस।संवाद।
- फोटो : KUSHINAGAR
सुसाइड नोट लिखकर गायब विद्यालय संचालक मिले
- दशहवा गांव में संचालित करते हैं निजी विद्यालय
संवाद न्यूज एजेंसी
बरवापट्टी। सुसाइड नोट लिखकर लापता हुए विद्यालय संचालक का तीसरे दिन पता चल गया। पुलिस ने विद्यालय संचालक को पडरौना शहर के छावनी मोहल्ले से पकड़कर परिजनों को सौंप दिया। उनकी तरफ से लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।
बृहस्पतिवार को सुबह पुलिस को सूचना मिली कि विद्यालय संचालक पडरौना शहर के छावनी में मौजूद हैं। बरवापट्टी थाने के एसओ ने एसआई रामअवध के नेतृत्व में चार सदस्यीय पुलिस टीम भेजा। पुलिसकर्मियों ने विद्यालय संचालक कृष्णा राय को वहां से पकड़ लिया। पुलिस उन्हें थाने लेकर आई, जहां पूछताछ की। पुलिस का कहना है कि विद्यालय संचालक की तरफ से दशहवा गांव के ही एक व्यक्ति पर बार-बार रुपये मांगने व जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया जा रहा है। पुलिस की पूछताछ के बाद विद्यालय संचालक के घरवालों को बुलाया गया। उनकी माता और मामी की सुपुर्दगी में दे दिया गया।
बरवापट्टी थाने के एसओ सुरेशचंद्र राव ने बताया कि स्कूल संचालक को पडरौना शहर के छावनी मोहल्ले से पकड़ा गया है। उन्हें परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया है। विद्यालय संचालक की तरफ से लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है।