सड़क निर्माण के लिए धरना जारी
भुलिया बाजार में 23वें दिन भी चल रहा है धरना
संवाद न्यूज एजेंसी
तमकुहीराज। वर्षों से बदहाल हो चुके तमकुुहीराज-अहिरौलीदान मार्ग के निर्माण की मांग को लेकर भुलिया बाजार में चल रहा बेमियादी धरना-प्रदर्शन रविवार को 23वें दिन भी जारी रहा। धरना दे रहे लोगों का आरोप है कि जनहित की समस्या की तरफ प्रशासन का ध्यान नहीं जा रहा है।
सामाजिक कार्यकर्ता मोहन तिवारी की अगुवाई में क्षेत्र के लोग तमकुुहीराज-अहिरौलीदान सड़क निर्माण की मांग को लेकर बेमियादी धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। रविवार को धरनास्थल पर मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए मोहन ने कहा कि जनहित के मुद्दे को लेकर प्रशासन उदासीन बना हुआ है। आंदोलन के 23 दिन बीतने के बावजूद किसी भी जनप्रतिनिधि या प्रशासनिक अधिकारी ध्यान नहीं दे रहा है। उन्होंने कहा कि आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इस दौरान मकसूदन मिश्र, जयप्रकाश मिश्र, इमरान, अख्तर, सफीउल्लाह, अमन वर्मा, यासीन, अदालत, मोहम्मद कैश आदि मौजूद थे।
तमकुहीराज के एसडीएम एआर फारुखी का कहना है कि उस सड़क के निर्माण पर बजट अधिक खर्च होना है। शासन से धन आवंटित होने पर ही निर्माण कार्य शुरू हो पाएगा। इस बारे में स्वयं खुद कई बार मोहन तिवारी को बताया जा रहा है। लोक निर्माण विभाग के अभियंता भी पहुंचकर समझाए, लेकिन वह मान नहीं कर रहे हैं।