दूसरे दिन भी पटरी पर नहीं लौटी बिजली आपूर्ति
विद्युत उपकेंद्र पर लगे दस एमवीए के ट्रांसफॉर्मर पर गिरी थी बिजली
दस एमवीए का दूसरा ट्रांसफॉर्मर लाया गया, आज लगने की उम्मीद
बृहस्पतिवार की शाम तक बिजली आपूर्ति बहाल होने की है संभावना
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। कठकुईयां स्थित विद्युत उपकेंद्र पर लगे दस एमवीए के ट्रांसफॉर्मर पर रविवार को दिन में करीब तीन बजे बिजली गिरने से लड़खड़ाई बिजली आपूर्ति व्यवस्था मंगलवार की देर शाम तक पटरी पर नहीं लौट सकी है। हालांकि लोगों की समस्याओं को देखते हुए बिजली निगम की तरफ से बिजली घर में लगे दूसरे दस ट्रांसफॉर्मर से रोस्टर बनाकर आपूर्ति की जा रही है। इसके चलते नगर समेत आस-पास के करीब 18 हजार उपभोक्ताओं को उमस भरी गर्मी के अलावा जलापूर्ति के लिए परेशान होना पड़ रहा है। मंगलवार की दोपहर बाद निगम की तरफ से दूसरे दस एमवीए का ट्रांसफॉर्मर मंगा लिया गया है। अब इसे बिजली घर में शिफ्ट करने का प्रयास किया जा रहा है।
पडरौना विद्युत उपकेंद्र से टाउन एक, टाउन दो, जिला उद्योग, परसौनी कला, दुदही, पांडेय देवरिया और बिजली घर कैंपस समेत सात फीडरों से जुड़े करीब 18 हजार उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति होती है। बीते कई दिनों से जिले में रूक-रूक बारिश हो रही है। रविवार को हो रही बारिश के दौरान दिन के करीब तीन बजे पडरौना विद्युत उपकेंद्र परिसर में लगे दस-दस एमवीए के दो ट्रांसफॉर्मर में से एक पर बिजली गिर गई, जिससे दस एमवीए का एक ट्रांसफॉर्मर खराब हो गया। इसकी वजह से रविवार की शाम से ही शहर समेत आस-पास के क्षेत्रों में अंधेरा छा गया। लोगों के घरों में लगे इन्वर्टर और अन्य बिजली उपकरण बैठ गए। उमस भरी गर्मी से परेशान उपभोक्ताओं की परेशानियों को देखते हुए बिजली निगम के अधिकारियों ने यहां लगे दस एमवीए के दूसरे ट्रांसफॉर्मर से रोस्टर बनाकर बिजली आपूर्ति शुरू कर दी गई। लेकिन पर्याप्त बिजली आपूर्ति नहीं होने से लोगों की परेशानी कम नहीं हुई है। उमस भरी गर्मी से परेशान सामन्य उपभोक्ताओं के अलावा व्यवसायिक उपभोक्ता जेनरेटर आदि की व्यवस्था कर बिजली समस्या से उबरने का प्रयास करते देखे गए। शहर में उत्पन्न हुई बिजली समस्या से मंगलवार की शाम तक उबर नहीं सके थे। पर्याप्त बिजली नहीं मिलने से लोगों को पेयजल, इंटरनेट की समस्या के अलावा उमस भरी गर्मी से लोग परेशान दिखे। सामान्य उपभोक्ताओं के अलावा सबसे अधिक परेशानी व्यापारियों को उठानी पड़ी।
पर्याप्त बिजली नहीं मिलने से कार्य प्रभावित
व्यवसायी आशीष खेतान ने कहा कि रविवार की शाम से शुरू हुई बिजली समस्या मंगलवार की शाम तक पटरी पर नहीं लौटने से कई कार्य प्रभावित हो गए हैं। जेनरेटर जलाकर किसी तरह जरूरी कार्य निपटाए जा रहे हैं। राजेश अग्रवाल ने कहा कि बिजली कर्मियों ने बताया कि बिजली घर में लगा ट्रांसफॉर्मर खराब हो गया है। इसके चलते रोस्टर के हिसाब से बिजली आपूर्ति की जा रही है। लेकिन पर्याप्त बिजली नहीं मिलने से दुकान में लगे इन्वर्टर बार-बार बैठ जा रहे हैं। इससे कार्य प्रभावित हो रहे हैं। अक्षय स्वर्णकार ने बताया कि पर्याप्त बिजली की आपूर्ति नहीं होने से शहर के लोगों को पेयजल की समस्या उत्पन्न हो गई। इसके अलावा लोग उमस भरी गर्मी से लोग परेशान हैं। विनम्र कसौधन ने कहा कि बिजली आपूर्ति की समस्या से शहर के लोगों की परेशानी बढ़ गई है। बिजली नहीं होने पर सबसे अधिक परेशानी बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों और मरीजों को हो रही है।
बुधवार को लगेगा दूसरा ट्रांसफॉर्मर
पडरौना विद्युत उपकेंद्र के एसडीओ राहुल द्विवेदी ने बताया कि रविवार को दिन के करीब तीन बजे बिजली गिरने से खराब हुए ट्रांसफॉर्मर की वजह से इस तरह की समस्या आई है। लोगों की समस्याओं के देखते हुए रोस्टर बनाकर दूसरे ट्रांसफॉर्मर से बिजली आपूर्ति करने के साथ खराब हुए ट्रांसफॉर्मर के स्थान पर दूसरा ट्रांसफॉर्मर मंगवाने के लिए उच्चाधिकारियों से संपर्क किया जा रहा था। मंगलवार को दोपहर बाद निगम की तरफ से दूसरा ट्रांसफॉर्मर उपकेंद्र को उपलब्ध हो गया है। बुधवार की सुबह इसे खराब ट्रांसफॉर्मर के स्थान पर लगाया जाएगा। इस लिए बुधवार की सुबह आठ बजे से आगामी 36 घंटे तक विद्युत आपूर्ति बंद कर दी गई है। इस कार्य में उपभोक्ताओं से सहयोग की अपेक्षा है।