घायल व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत
समउर-पटहेरिया मार्ग पर हुई थी सड़क दुर्घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
रगड़गंज। पटहेरवा थानाक्षेत्र के समउर-पटहेरिया मार्ग स्थित बलुआ तकिया गांव के पास एक व्यक्ति बाइक चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हो गई।
मंगलवार की सुबह बलुआ तकिया निवासी जयप्रकाश राय (52) गांव के ही कौशल राय के घर दूध लाने जा रहे थे। अभी वे गांव से निकलकर समउर-पटहेरिया मार्ग पर पहुंचे ही थे कि एक बाइक की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना में बाइक सवारों को भी हल्की चोट आई है। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने मौजूद लोगों के सहयोग से घायल जयप्रकाश को फाजिलनगर सीएचसी ले गए, जहां डॉक्टर ने हालत गंभीर देख प्राथमिक उपचार कर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में भी हालत ठीक नहीं होने पर डॉक्टर ने उन्हें गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिए। इलाज के दौरान जयप्रकाश की मौत हो गई। दुर्घटना के समय मौजूद लोगों ने बताया कि बाइक एक युवती चला रही थी। बाइक पर पीछे एक 13 वर्षीय किशोर बैठा था। दुर्घटना में बाइक सवारों को भी हल्की चोटें आई हैं। गांव के लोगों ने बाइक को कब्जे में लेकर बाइक सवारों को छोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दिया है। इस संबंध में एसएसआई रामसहाय चौहान ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
पेड़ से टकराई कार, चालक घायल
टेकुआटार। क्षेत्र के कुट्टीटोला गांव के पास सोमवार की देर रात एक कार अनियंत्रित कार पेड़ से टकरा गई। इसमें चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। मौजूद लोगों ने घायल को कार से निकालकर रामकोला सीएससी भेजवाया। रामकोला थानाक्षेत्र के धुंआटिकर निवासी हरिंदर यादव (40) अपने परिजनों को कसया छोड़ने गए थे। वहां से लौटते समय रामकोला-कसया मार्ग के कुट्टीटोला गांव के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर एक पेड़ से टकरा गई। इसमें चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने घायल को कार से निकालकर रामकोला सीएचसी भेजवाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।